सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी शुक्रवार को कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है।बैडमिंटन रैंकिंग में दूसरे नंबर पर मौजूद भारतीय जोड़ी ने मेंस डबल्स इवेंट के क्वार्टर फाइनल में चीन के रेन जियांग यू और हे जी टिंग की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर अंतिम-4 में पहुंची।
वहीं विमेंस डबल्स के क्वार्टर फाइनल में अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो की भारतीय जोड़ी हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भारतीय जोड़ी महज 35 मिनट में मैच जीत ली
पिछले साल एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय जोड़ी ने मैच के दौरान शानदार तालमेल दिखाते हुए वर्ल्ड रैंकिंग में 32वें स्थान पर काबिज यू और टिंग की जोड़ी को महज 35 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21-11, 21-8 से पराजित किया।
दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी को फाइनल में पहुंचने के लिए कोरिया के कांग मिन ह्युक तथा सियो सेउंग जे और मलेशिया की जोड़ी आरोन चिया तथा सोह वूई यिक की जोड़ी के विजेता से सामना होगा।
अश्विनी-तनीषा की जोड़ी हारी
अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को विमेंस डबल्स क्वार्टर फाइनल में जापान की रिन इवानागा और की नाकानिशी से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा।
वर्ल्ड रैंकिंग में 24वें नंबर की भारतीय जोड़ी इवानागा तथा नाकानिशी की जोड़ी से 39 मिनट तक चले मैच को 15-21, 13-21 से हार गई।

मलेशिया ओपन में अब तक कोई भारतीय नहीं जीता
मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 1937 से खेला जा रहा है। मलेशिया ओपन 2024, पेरिस ओलंपिक के लिए शटलरों को क्वालीफाइंग रैंकिंग पॉइंट्स देगा। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो पिछले साल 1 मई को शुरू हुई थी। मलेशिया ओपन में अब तक किसी भी भारतीय ने खिताब नहीं जीता है।


