Newdehli| ICC ने टी-20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल घोषित कर दिया है। टूर्नामेंट 1 से 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका के 9 शहरों में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं, दोनों के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 9 जून को न्यूयॉर्क में खेला जाएगा। वहीं फाइनल मैच 29 जून को वेस्टइंडीज के बारबाडोस शहर में होगा।
टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार 20 टीमें शामिल की गई हैं, इससे पहले हुए 2 संस्करण में 16-16 टीमें थीं। इंग्लैंड डिफेंडिंग चैंपियन है, जबकि भारत ने 2007 में पहले ही टूर्नामेंट का खिताब जीता था।
कनाडा-अमेरिका के बीच ओपनिंग मैच
टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच कनाडा और होम टीम अमेरिका के बीच खेला जाएगा। मुकाबला एक जून को डालास में ही होगा। क्रिकेट इतिहास का पहला मुकाबला भी अमेरिका और कनाडा के बीच ही 1844 में खेला गया था।
वेस्टइंडीज अपना पहला मैच 2 जून को पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ गयाना में खेलेगा। टूर्नामेंट में 20 टीमों के बीच 29 दिन तक कुल 55 मैच खेले जाएंगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार ही होगा।
1 से 17 जून तक ग्रुप स्टेज के 40 मैच होंगे। 19 से 24 जून तक सुपर-8 स्टेज के 12 मुकाबले खेले जाएंगे। 26 जून को गयाना में पहला सेमीफाइनल और 27 जून को त्रिनिदाद में दूसरा सेमीफाइनल मैच होगा। 29 जून को बारबाडोस में फाइनल मैच खेला जाएगा।वेस्टइंडीज में 41, अमेरिका में 14 मुकाबले होंगे
टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी वेस्टइंडीज और अमेरिका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। वेस्टइंडीज के 6 शहरों में कुल 41 मुकाबले होंगे, यहीं तीनों भी नॉकआउट मैच होंगे। जबकि अमेरिका के न्यूयॉर्क, फ्लोरिडा और डालास शहर में बाकी 14 मुकाबले होंगे। वेस्टइंडीज के 6 शहर त्रिनिदाद, गयाना, बारबाडोस, एंटीगुआ, सेंट विंसेंट और सेंट लुसिया हैं।
भारत और पाकिस्तान के सभी मैच अमेरिका में होंगे
टी-20 वर्ल्ड कप में 5-5 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इसी ग्रुप में आयरलैंड, कनाडा और अमेरिका भी हैं। भारत और पाकिस्तान अपने सभी मैच अमेरिका में ही खेलेंगे।
भारत के शुरुआती 3 मैच न्यूयॉर्क और चौथा मैच फ्लोरिडा में होगा। टीम अपना पहला मुकाबला 5 जून को आयरलैंड, दूसरा मुकाबला 9 जून को पाकिस्तान, 12 जून को तीसरा मुकाबला अमेरिका और 15 जून को चौथा मुकाबला कनाडा से खेलेगी।
एक ग्रुप से 2 टीमें सुपर-8 में जाएंगी
ग्रुप-ए की तरह ही ग्रुप बी, सी और डी में भी 5-5 टीमें हैं। सभी टीमें अपने ग्रुप में 4-4 मैच खेलेंगी। ग्रुप स्टेज के आखिर में पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमें सुपर-8 स्टेज में जाएंगी। इस स्टेज में 8 टीमों को 4-4 के 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। यहां दोनों ग्रुप की 2-2 टॉप टीमों के बीच सेमीफाइनल खेले जाएंगे। सेमीफाइनल की विजेता 2 टीमों के बीच 29 जून को फाइनल होगा।
अमेरिका में पहली बार होगा ICC टूर्नामेंट
अमेरिका को पहली बार ही किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। 2028 के ओलिंपिक गेम्स भी अमेरिका में ही होंगे, जिसमें क्रिकेट भी शामिल किया गया है। इस इवेंट को देखते हुए ICC ने अमेरिका में टी-20 वर्ल्ड कप कराने को प्राथमिकता दी। अमेरिका के साथ वेस्टइंडीज में भी टी-20 वर्ल्ड कप होगा, यहां 2010 का टूर्नामेंट भी खेला गया था। 2022 में पिछला वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में हुआ था।


