ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 187 रन बना ली हैं। टीम ने 241 रन की बढ़त हासिल कर ली है। तीसरे दिन पाकिस्तान अपनी पहली इनिंग में 194/6 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 264 रन पर ऑल आउट हो गया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में मिचेल मार्श और स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक लगाया। मेलबर्न में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे डेविड वॉर्नर 6 रन पर आउट हो गए। मार्श शतक से चूक गए, वो 96 रन बनाकर आउट हुए। एलेक्स कैरी 16 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पाकिस्तान की ओर से मीर हमजा और शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 318 रन बनाकर ऑलआउट हुआ था।
मार्श 96 रन बनाकर आउट हुए
ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी में अब तक सबसे ज्यादा रन मिचेल मार्श ने बनाए। हालांकि वो शतक से चूक गए। उन्होंने 130 बॉल पर 96 रन की पारी खेली। उनके टेस्ट करियर का यह 7वां अर्धशतक है। मार्श को मीर हमजा ने आगा सलमान के हाथों कैच कराया। मार्श के अलावा स्टीव स्मिथ ने 50 रन की पारी खेली। स्मिथ की टेस्ट में यह 40वीं हाफ सेंचुरी है।
हमजा-शाहीन ने 3-3 अहम विकेट लिए
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में तेज गेंदबाज मीर हमजा और शाहीन शाह अफरीदी 3-3 विकेट ले चुके हैं। हमजा ने तीसरे दिन तीन अहम विकेट लिए। इनमें मिचेल मार्श, डेविड वॉर्नर और ट्रेविस हेड का विकेट शामिल है। उन्होंने शाहीन ने उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ के विकेट लिए।


