पार्ल|भारत ने साउथ अफ्रीका टूर की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। टीम ने तीसरे और निर्णायक मुकाबले में मेजबान टीम को 78 रन से हराया। टीम इंडिया ने अफ्रीकी सरजमीं पर दूसरी बार वनडे सीरीज जीती है। टीम ने 2018 में विराट कोहली की कप्तानी में पहली बार वनडे सीरीज जीती थी।
पार्ल के बोलैंड पार्क स्टेडियम में भारतीय टीम ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 296 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 45.2 ओवर में 218 रन पर ऑलआउट हो गई। संजू सैमसन ने 108 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अर्शदीप सिंह ने 4 विकेट लिए। आवेश खान और वॉशिंगटन सुंदर को 2-2 विकेट मिले।
अब टीम इंडिया 26 दिसंबर से 2 टेस्ट की सीरीज खेलने उतरेगी। टीम इंडिया वहां अब तक टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है।
आखिरी 35 बॉल में अफ्रीका ने गंवाए 3 विकेट
मिडिल ओवर्स में बैटिंग ऑर्डर बिखरने के बाद टेल एंडर्स पारी संभाल नहीं सके। टीम ने आखिरी 35 बॉल में 20 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। इनमें अर्शदीप ने 2 विकेट झटके। उनके मैच में 4 विकेट हो गए।
मिडिल ओवर्स में साउथ अफ्रीका के 6 विकेट गिरे
साउथ अफ्रीका ने मिडिल ओवर्स की शुरुआत में अच्छी बैटिंग की, लेकिन बाद में लगातार विकेट गंवाए। 15वें ओवर में अक्षर पटेल ने रासी वान डर डसन का विकेट लिया। यहां मार्करम और जॉर्जी की अर्धशतकीय साझेदारी ने संभाला। इस साझेदारी को 26वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने तोड़ा। यहां से भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट लेते चले गए। 30वें, 33वें और 34वें ओवर में विकेट मिले और साउथ अफ्रीका के लिए मैच मुश्किल हो गया। बीच के 30 ओवर में साउथ अफ्रीका ने 136 रन बनाने के 6 विकेट गंवा दिए। आगे
- डी जॉर्जी ने 17वें ओवर में अर्धशतक पूरा किया साउथ अफ्रीका के ओपनर टोनी डी जॉर्जी ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने कुल 81 रन की पारी खेली।
- मुकेश कुमार ने 25वें ओवर में डी जॉर्जी का कैच छोड़ा मुकेश कुमार ने 25वें ओवर में टोनी डी जॉर्जी को जीवनदान दिया। तब जॉर्जी 68 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
- जॉर्जी-मार्करम की फिफ्टी पार्टनरशिप डी जॉर्जी और एडन मार्करम के बीच चौथे विकेट के लिए 67 बॉल पर 65 रन की पार्टनरशिप हुई। इसमें मार्करम ने 36 और जॉर्जी ने 28 रन बनाए।
- साई सुदर्शन का कमाल कैच साउथ अफ्रीकी पारी के 33वें ओवर में साई सुदर्शन ने हेनरीक क्लासन का शानदार कैच पकड़ा। साई ने मिडऑफ पर फ्लाइंग कैच लपका। क्लासन 21 रन बनाकर पवेलियन लौटा।
पावरप्ले में साउथ अफ्रीका शानदार शुरुआत, अर्शदीप ने दिलाया पहला विकेट
साउथ अफ्रीकी ओपनर्स ने पावरप्ले के शुरुआती ओवर्स में अच्छी बल्लेबाजी की। रीजा हेंड्रिक्स और डी जॉर्ज की जोड़ी ने 8.2 ओवर में 59 रन जोड़े। दोनों ने डिफेंसिव शुरुआत की और मुकेश कुमार को अपना निशाना बनाया।
तीसरे ओवर में दोनों ने मुकेश के सामने 13 रन जोड़े और छठे ओवर में 10 रन दिए। आखिरकार 9वें ओवर में अर्शदीप ने रीजा हेंड्रिक्स का विकेट लेकर दोनों की फिफ्टी पार्टनरशिप तोड़ी। पहले 10 ओवर में साउथ अफ्रीका ने 1 विकेट खोकर 62 रन बनाए।
संजू और तिलक की पारी से भारत 296/8
भारतीय टीम ने पार्ल के बोलैंड पार्क स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 296 रन बनाए।
संजू सैमसन ने 114 बॉल पर 108 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जमाए। यह संजू के वनडे करियर का पहला शतक है। तिलक वर्मा ने 52 रन की पारी खेली। उन्होंने वनडे करियर का पहला अर्धशतक जमाया। रिंकू सिंह ने 27 बॉल पर 38 रन की पारी खेली।
ब्युरन हेन्ड्रिक्स ने 3 विकेट चटकाए, जबकि नांद्रे बर्गर को 2 विकेट मिले। वायन मुल्डर, केशव महाराज और लिजाद विलियमस को एक-एक विकेट मिले।

डेथ ओवर में भारत ने 93 रन बनाने में गंवाए 5 विकेट
डेथ ओवर में भारतीय बल्लेबाजों ने 93 रन बनाए, लेकिन टीम को 5 झटके भी लगे। आखिर के 10 ओवर्स में संजू सैमसन ने वनडे करियर की पहली सेंचुरी पूरी की, जबकि तिलक वर्मा ने पहला अर्धशतक जमाया। रिंकू सिंह ने 27 बॉल पर 38 रन जोड़े। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर खास प्रदर्शन नहीं कर सके।


