दुबई|इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन का मिनी ऑक्शन 8 घंटे तक चला। 10 टीमों ने 230.45 करोड़ रुपए में 72 प्लेयर्स खरीदे, इनमें 30 विदेशी शामिल रहे। मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई पेस जोड़ी पर रिकॉर्डतोड़ बोली लगी। स्टार्क को कोलकाता ने 24.75 करोड़ में खरीदकर फ्रेंचाइजी इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया। कमिंस को हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपए में खरीदा।
ऑक्शन में 9 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी करोड़पति बने। इनमें यूपी के समीर रिजवी सबसे महंगे रहे, उन्हें चेन्नई ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा। झारखंड के विकेटकीपर बैटर कुमार कुशाग्र 7.20 करोड़ रुपए में दिल्ली का हिस्सा बने। हर्षल पटेल सबसे महंगे भारतीय रहे, उन्हें 11.75 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा।
6 खिलाड़ियों पर 10 करोड़ से ज्यादा खर्च
ऑक्शन में 6 खिलाड़ियों की कीमत 10 करोड़ रुपए से ज्यादा रही। स्टार्क, कमिंस और हर्षल के अलावा न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को CSK ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को RCB ने 11.50 करोड़ रुपए में शामिल किया। वहीं ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन 10 करोड़ रुपए में गुजरात का हिस्सा बने।
स्टार्क के लिए भिड़ गए कोलकाता-गुजरात
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स में शुरुआती बिडिंग वॉर देखने को मिला। दिल्ली ने 9.60 करोड़ रुपए तक और मुंबई ने 10 करोड़ रुपए तक बोली लगाई। यहां से गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स में बिडिंग वॉर हुआ। आखिर में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा।
9 अनकैप्ड करोड़पति बने
ऑक्शन में 9 अनकैप्ड प्लेयर करोड़पति बने। बैटर समीर रिजवी को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा। फिनिशर शाहरुख खान को 7.40 करोड़ रुपए में गुजरात ने खरीदा। विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को 7.20 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने। बैटर शुभम दुबे 5.80 करोड़ रुपए में राजस्थान और गेंदबाज यश दयाल को 5 करोड़ रुपए में बेंगलुरु में शामिल हुए।
बेस प्राइस से 42 गुना ज्यादा कीमत में बिके रिजवी
यूपी टी-20 लीग में चमकने वाले 20 साल के अनकैप्ड बैटर समीर रिजवी के लिए बिडिंग वॉर देखने को मिला। उनके लिए चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स में लड़ाई दिखी। आखिर में चेन्नई ने उन्हें बेस प्राइस से 42 गुना ज्यादा कीमत देकर 8.40 करोड़ रुपए में खरीद लिया। समीर की बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। रिजवी यूपी टी-20 लीग में टॉप रन स्कोरर रहे थे।
कमिंस के लिए बेंगलुरु-हैदराबाद में हुआ बिडिंग वॉर
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के लिए चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस में बिडिंग वॉर शुरू हुआ। 2 करोड़ की बेस प्राइस से मुंबई ने शुरुआत की, उन्होंने 5 करोड़ तक बोली लगाई। यहां से बेंगलुरु और चेन्नई में बिडिंग वॉर हुआ। दोनों ही टीमों को कप्तान की जरूरत है। चेन्नई ने 10 करोड़ तक बोली लगाई। बेंगलुरु ने 20.25 करोड़ तक बोली लगाई, आखिर में उन्हें हैदराबाद ने आखिरी में 20.50 करोड़ रुपए में खरीद लिया।


