भारत और साउथ अफ्रीका के बीच ऑल फॉर्मेट सीरीज 10 दिसंबर से शुरू होने जा रही है। 3 टी-20 की सीरीज से दौरा शुरू होगा, इसके बाद 3 वनडे और 2 टेस्ट भी खेले जाएंगे। तीन फॉर्मेट के 8 मैचों के लिए भारत से 31 प्लेयर्स साउथ अफ्रीका जाएंगे। इनमें 16 की उम्र 21 से 29 साल के बीच है।
व्हाइट बॉल स्क्वॉड में 26 प्लेयर्स चुने गए, जिनमें 21 पहली बार वहां वनडे या टी-20 खेलेंगे। टी-20 में तो 17 प्लेयर्स स्क्वॉड का हिस्सा हैं, लेकिन एक को भी साउथ अफ्रीका में टी-20 खेलने का अनुभव नहीं है। जबकि वनडे स्क्वॉड में भी 16 में से 5 ही खिलाड़ियों को यहां खेलने का अनुभव है। हालांकि टेस्ट स्क्वॉड में 9 प्लेयर्स को अफ्रीकन कंडीशंस का एक्सपीरियंस है।
वनडे और टी-20 स्क्वॉड को देखते हुए एक चीज साफ है कि दोनों सीरीज टीम इंडिया के युवा प्लेयर्स के लिए ट्रायल की तरह है। यहां अच्छा करने वाले प्लेयर्स 6 महीने बाद टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में भी अपनी दावेदारी पक्की कर सकते हैं।
टी-20 टीम में 7 की उम्र 26 से कम
टी-20 में 17 प्लेयर्स चुने गए, इनमें एक को भी साउथ अफ्रीका का अनुभव नहीं। 7 की उम्र 21 से 25 साल के बीच है, 5 की उम्र 26 से 29 साल के बीच और 5 प्लेयर्स की उम्र 30 साल से ज्यादा है। सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं रवींद्र जडेजा, श्रेयस अय्यर और कुलदीप यादव जैसे 4 ही अनुभवी खिलाड़ी स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
सभी प्लेयर्स को टी-20 इंटरनेशनल खेलने का अनुभव जरूर है, लेकिन इनमें भी 7 खिलाड़ी ऐसे हैं जो 15 टी-20 इंटरनेशनल भी नहीं खेल सके। यानी साउथ अफ्रीका के खिलाफ इसी फॉर्मेट में हमारे पास सबसे युवा टीम है और सभी पहली बार ही साउथ अफ्रीका में टी-20 का अनुभव करेंगे। सीरीज के 3 टी-20 मैच 10, 12 और 14 दिसंबर को खेले जाएंगे।


