सिलहट/केन विलियमसन (104 रन) ने टेस्ट सेंचुरी के मामले में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली है।विलियमसन ने बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में करियर का 29वां शतक जमाया। यह उनका इस साल चौथा शतक है। वे साल 2023 में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जमाने वाले बल्लेबाज बने हैं। केन ने लगातार तीसरा टेस्ट शतक जमाया है। विराट के नाम भी टेस्ट में 29 शतक ही हैं।
सिलहट में केन की इस शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक 8 विकेट पर 266 रन बना लिए हैं। काइल जेमिसन 7 और टिम साउदी 1 रन पर नाबाद हैं। दूसरे दिन के पहले सेशन में बांग्लादेश की टीम 310 रन पर ऑलआउट हो गई।
44 रन से पीछे है कीवी टीम
न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन के अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 42 और डेरिल मिचेल ने 41 रन की पारी खेली। शेष बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। टीम ने 36 रन के स्कोर पर टॉम लैथम का विकेट गंवाया। लैथम 21 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद डेवोन कॉन्वे (12 रन) 44 रन के टीम स्कोर पर आउट हुए।
50 रन के अंदर ओपनर्स के आउट होने के बाद केन विलियमसन ने मोर्चा संभाला और हेनरी निकोलस के साथ 54 रन की साझेदारी की। लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चली और निकोलस 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
विलियमसन ने डेरिल मिचेल के साथ पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन मिचेल 41 रन बनाकर आउट हो गए। केन ने उनके साथ 66 रन जोड़े। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स के साथ 78 रन की पार्टनरशिप की। जब केन आउट हुए तब तक न्यूजीलैंड की टीम 262 रन तक पहुंच चुकी थी।


