गुवाहाटी। मैक्सवेल के तूफान के सामने टीमइंडिया के गेंदबाज असहाय नजर आए परिणाम स्वरूप ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद 122 रन की पारी पर पानी फिर गया। ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला 5 विकेट से जीत कर पांच मैचों की टी20 क्रिकेट सीरीज की स्थिति 1-2 की कर दी। टीमइंडिया की फील्डिंग भी बहुत खराब रही। कई कैच छूटे व मैदानी दौड़ में धीमे साबित हुए।सीरीज का चौथा मुकाबला रायपुर में एक दिसंबर को खेला जाएगा।
गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 222 रन का स्कोर खड़ा किया। 223 रन का टारगेट ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। ग्लेन मैक्सवेल ने 48 बॉल पर 104 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के जमाए। कप्तान मैथ्यू वेड 16 बॉल पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। ट्रैविस हेड ने 18 बॉल पर 35 रन बनाए।
पावरप्ले में पवेलियन लौटे ऑस्ट्रेलियाई ओपनर्स, आवेश-अर्श को एक-एक विकेट
223 रन का टारगेट चेज करने उतरे कंगारू ओपनर्स ने तेज शुरुआत की। टीम ने शुरुआती 4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 46 रन बना लिए। 5वें ओवर में अर्शदीप सिंह और छठे ओवर में आवेश खान ने भारत को एक-एक सफलता दिलाई।
अर्शदीप ने एरोन हार्डी और आवेश ने ट्रैविस हेड को आउट किया। 6 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 67/2 रहा।
भारत ने बनाया 222/3 का स्कोर, गायकवाड का शतक
गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में मंगलवार को भारतीय टीम ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 222 रन बनाए। पारी के आखिरी ओवर में 30 रन बने।
ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने 57 बॉल पर 123 रन की पारी खेली। उन्होंने टी-20 करियर का पहला शतक जमाया। गायकवाड ने सिक्स के साथ सेंचुरी पूरी की। गायकवाड ने अपनी पारी में 13 चौके और 7 छक्के जमाए। तिलक वर्मा 31 रन पर नाबाद रहे, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 39 रन की पारी खेली।


