नई दिल्ली /पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा ने चौंकाने वाला दावा किया है कि स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की डाइट प्लान नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई है। रोनाल्डो अपनी शानदार फिटनेस के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां तक कि भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जिन्होंने अपनी फिटनेस से क्रिकेटरों की एक पीढ़ी को भी प्रेरित किया है, उन्होंने भी स्टार फुटबॉलर की प्रशंसा की है। कोहली रोनाल्डो को अपना आदर्श मानते हैं और फिटनेस को लेकर उनसे प्रेरित हैं।
38 साल की उम्र में, रोनाल्डो वर्तमान पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ एथलीट और दुनिया के महानतम फुटबॉलर्स में से एक हैं।हालांकि रोनाल्डो पर रमीज की टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। रमीज ने पाकिस्तान के एक न्यूज चैनल से कहा, ‘रोनाल्डो का जो डाइट प्लान है वो नासा के वैज्ञानिकों ने सेट किया है।’ रमीज का यह बयान एथलीट में फिटनेस को लेकर आया है। रोनाल्डो इस साल अब तक 46 गोल कर चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 12 असिस्ट भी किए हैं यानी मौके बनाए हैं। वह मैनचेस्टर सिटी के एर्लिंग हालंद (48) और बायर्न म्यूनिख के हैरी केन (47) के बाद इस कैलेंडर वर्ष में तीसरे सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।


