भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हसन रजा को शर्म करने की नसीहत दी है। रजा ने कुछ दिन पहले एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर दावा किया था कि ICC भारतीय टीम को स्पेशल गेंद देती है। इसलिए भारतीय गेंदबाज वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
शमी ने इस पर कहा कि यह वर्ल्ड कप है, कोई लोकल टूर्नामेंट नहीं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने भी हसन रजा के बयान की आलोचना की थी। शमी ने कहा- आपको वसीम अकरम पर भी भरोसा नहीं है। कभी तो दूसरों की सक्सेस को एंजॉय करना सीखो।
भारत को दी जाने वाली गेंद पर एक्सट्रा कलर कोटिंग संभवः रजा
रजा ने कहा था कि हम देख रहे हैं कि जब भारत बल्लेबाजी कर रहा होता है तो गेंद का व्यवहार सामान्य होता है। वहीं, जब भारतीय टीम उसी पिच पर गेंदबाजी करती है तो ज्यादा स्विंग होती है। जिस तरह से सिराज और शमी गेंद को स्विंग करा रहे थे, ऐसा लग रहा था मानों ICC या BCCI की ओर से उन्हें स्पेशल बॉल दी जा रही है। बॉल की जांच जरूरी है। ऐसा हो सकता है कि स्विंग के लिए बॉल पर एक्स्ट्रा कलर कोटिंग हो।
शमी बोले- गेम पर फोकस करो
मोहम्मद शमी ने सोशल मीडिया पर रजा को कहा- शर्म करो यार, गेम पर फोकस करो। फालतू की बकवास पर नहीं। आप तो प्लेयर भी रह चुके हैं। आपको वसीम भाई ने एक्सप्लेन किया था। फिर भी। अपने प्लेयर वसीम अकरम पर भी आपको यकीन नही है। जनाब आप तो अपनी तारीफ करने में लगे हैं।
वसीम अकरम ने मैच के बाद रजा की टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की थी और कहा था- ये सब बकवास है। रजा अपना दिमाग खो चुके हैं।
वर्ल्ड कप 2023 में अब तक 16 विकेट ले चुके हैं शमी
मोहम्मद शमी इस वर्ल्ड कप में अब तक 4 मैचों में 16 विकेट ले चुके हैं। शमी ने शुरुआती मैच नहीं खेले, इसके बाद 22 अक्टूबर को शमी ने धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच खेला, जिसमें उन्होंने 5 विकेट लिए।



