दुबई/टीम इंडिया के बैटर रोहित शर्मा ICC की ताजा रैंकिंग में टॉप-5 में पहुंच गए हैं। वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम टॉप पर बरकरार हैं, पर उनके और शुभमन गिल के बीच अब केवल 2 पॉइंट्स का ही फासला रह गया है। जबकि विराट कोहली 7वें स्थान पर खिसक गए हैं।
गेंदबाजों की बात करें तो पाकिस्तानी गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी लंबी छलांग लगाते हुए 10 से सीधे टॉप पर पहुंच गए हैं। ICC ने बुधवार को नई रैंकिंग जारी की है।
रोहित को डिफेंडिंग वर्ल्ड चैंपियन के खिलाफ शानदार पारी का मिला फायदा
रोहित शर्मा को 29 अक्टूबर को डिफेंडिंग वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ बनाए 87 रन की पारी का फायदा मिला है। रोहित पिछले हफ्ते छठे स्थान से खिसक कर 8वें स्थान पर पहुंच गए थे। अब ताजा रैंकिंग में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा 743 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उन्हें तीन स्थान का फायदा हुआ है।
बाबर और गिल के बीच सिर्फ 2 अंकों का अंतर
भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ताजा रैंकिंग में भी बाबर के बाद दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन बाबर और उनके बीच पिछले हफ्ते 25 अक्टूबर को जारी रैंकिंग में 5 अंकों का गैप था, जो इस बार केवल 2 अंकों का रह गया है। बाबर के 818 अंक है, जबकि शुभमन गिल के 816 अंक है। वहीं पिछले हफ्ते जारी रैंकिंग में बाबर आजम 829 अंकों के साथ टॉप पर थे। वहीं गिल 823 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर थे।
क्विंटन डी कॉक 765 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम हैं। जबकि डेविड वॉर्नर 761 अंकों के साथ पांचवे से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं पिछले हफ्ते (25 अक्टूबर) जारी रैंकिग में चौथे स्थान पर काबिज हेनरिक क्लासन 2 स्थान खिसक कर चौथे से छठे स्थान पर चले गए हैं। जबकि विराट को एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे छठे से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके 735 अंक हैं।
शाहीन शाह अफरीदी ने लगाई लंबी छलांग
शाहीन शाह अफरीदी पिछले हफ्ते की रैंकिंग में दसवें स्थान से सीधे टॉप पर पहुंच गए हैं। शाहीन शाह ने वर्ल्ड कप में मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 9 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं 27 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में भी अफरीदी ने 3 विकेट लिए थे।
