नई दिल्ली. वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया की जीत का सिलसिला जारी है. लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच को भारत ने 100 रन से जीता. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव तीनों ने कमाल की गेंदबाजी की और 230 रन के लक्ष्य का बचाव कर लिया. इंग्लैंड की टीम महज 129 रन पर ढेर हो गई. शमी ने 4, बुमराह ने तीन और कुलदीप ने 2 विकेट झटके. हालांकि, मैच के दौरान एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें कप्तान रोहित शर्मा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप को डांट लगाते नजर आ रहे हैं. कप्तान ने ऐसा क्यों किया, आइए जानते हैं.
रोहित शर्मा के कुलदीप यादव को डांटने की वजह DRS को लेकर गेंदबाज की चूक है. इंग्लैंड की पारी का 22वां ओवर कुलदीप यादव ने फेंका था. इस ओवर की एक गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन गच्चा खा गए थे और बॉल उनके पैड पर सीधे जाकर टकराई थी. अपील के बावजूद अंपायर ने लिविंगस्टोन को आउट नहीं दिया था. उस समय भारत के पास दो रिव्यू बचे थे लेकिन कुलदीप ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई तो रोहित ने भी DRS नहीं लिया. ओवर के बाद बड़े स्क्रीन पर रीप्ले दिखाया गया, उसमें गेंद लेग स्टम्प से टकरा रही थी.
