विश्व कप 2023 की शुरुआत में भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का कैपेन मुश्किल में दिख रहा था लेकिन पिछले तीन मैचों में लगातार जीत हासिल कर कंगारू टीम ने दिखा दिया कि क्यों इस टीम ने पांच विश्व कप खिताब जीते हैं. बुधवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 309 रनों से शानदार जीत हासिल करने के बाद पैट कमिंस की टीम ने ना केवल 6 अंक हासिल किए बल्कि अपना नेट रन रेट भी+1.142 तक पहुंचाया.
मैच के बाद प्रेसेंटेशन के दौरान वार्नर ने कहा, “मेरे लिए बात मैदान पर जाने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बारे में है. हम हर चार साल में होने वाले विश्व कप के लिए जीते हैं, हमें वास्तव में उनमें चमकना है. मैं बाईलैटरल सीरीज में जो करता हूं वही दोहराने का प्रयास करता हूं.”नीदरलैंड्स के खिलाफ 104 रन की पारी खेलकर वार्नर ना केवल रिकी पॉन्टिंग को पछाड़ ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने बल्कि उन्होंने विश्व कप इतिहास में छह शतक लगाने के भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की.
