इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम मुंबई इंडियंस (MI) ने शुक्रवार को श्रीलंका के पूर्व दिग्गज लसिथ मलिंगा को तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। टीम ने शुक्रवार को ट्वीट कर इनकी घोषणा की। मलिंगा न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड की जगह लेंगे। मलिंगा अगले सीजन से पहले मार्क बाउचर की अगुवाई वाली कोचिंग दल से जुड़ेंगे।
MI ने मलिंगा के जरिए कहा, ‘मुंबई इंडियंस का बॉलिंग कोच बनना मेरे लिए गर्व की बात है और MI न्यूयॉर्क और MI केप टाउन के बाद वन फैमिली में मेरा सफर जारी रहा। मैं मार्क बाउचर, पोलार्ड, रोहित और पूरी टीम के साथ नजदीक से काम करने के लिए उत्साहित हूं, खासकर बॉलिंग यूनिट के साथ, जिनका रुख मुझे पिछले सीजन पसंद आया था।’

मलिंगा ने मुंबई इंडियंस के लिए 122 मैच खेले
2009 से 2019 के बीच मलिंगा ने मुंबई इंडियंस के लिए 122 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 170 विकेट लिए हैं। मलिंगा अभी भी आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज बने हुए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के बॉलिंग कोच थे
मलिंगा इससे पहले IPL 2022 में राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम के फास्ट बॉलिंग कोच थे। उन्होंने 2022 में ही RR टीम को ज्वाइन किया था। आईपीएल 2024 ऑक्शन से पहले उन्होंने RR का साथ छोड़ दिया है।
