पुणे/टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2023 में लगातार चौथी जीत हासिल की है। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया। टीम से विराट कोहली (103* रन) ने 48वां वनडे शतक जमाया। उन्होंने सबसे तेज 26 हजार इंटरनेशनल रन भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 567 पारियों में यह अचीवमेंट हासिल की। कोहली से पहले सचिन तेंदुलकर ने 600 पारियों में इतने रन बनाए थे।
पुणे के MCA मैदान पर गुरुवार को बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 256 रन बनाए। 257 रन का टारगेट भारतीय बल्लेबाजों ने 41.3 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया।
कोहली के अलावा, शुभमन गिल (53 रन) ने 10वां अर्धशतक जमाया, जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रनों का योगदान दिया।
257 का टारगेट चेज कर रहे रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 88 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। रोहित फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 48 रन बनाए। हसन की गेंद पर पुल शॉट मारने के चक्कर में रोहित को ह्रदॉय ने बाउंड्री पर लपका।
शुभमन गिल ने वर्ल्ड कप में अपनी पहली फिफ्टी लगाई। वो 53 रन बनाकर मेहंदी हसन मिराज की गेंद पर कैच आउट हुए। महमूदुल्लाह ने बाउंड्री पर उनका कैच लपका।
पुणे के एमसीए मैदान पर बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। बांग्लादेश ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 256 रन बनाए। ओपनर्स तंजिद हसन तमीम और लिट्टन दास के बीच 93 रन की साझेदारी हुई। तंजिद ने वर्ल्ड कप में अपनी पहली फिफ्टी लगाई। वो 51 रन बनाकर आउट हुए।
लिट्टन दास ने 12वीं वनडे फिफ्टी लगाई, वो 66 रन बनाकर आउट हुए। शांतो (8 रन), मिराज (3) और तौहीद हृदॉय (16) जल्दी आउट हुए।मुशफिकुर रहीम (38 रन) और महमूदुल्लाह (46 रन) के बीच 42 रन की साझेदारी हुई। मुशफिकुर को बुमराह ने आउट किया। बैकवर्ड पॉइंट पर जडेजा ने डाइव लगाकर उनका कैच पकड़ा। महमुदुल्लाह ने फिर नसुम अहमद के साथ 32 रन की साझेदारी की।
पंड्या चोटिल, कोहली बॉलिंग करने आए
मैच के दौरान हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए। उनकी जगह विराट कोहली बॉलिंग करने आए। उन्होंने 3 बॉल पर 2 रन दिए। कोहली ने 6 साल बाद वनडे में बॉलिंग की है। उन्होंने आखिरी बार 2017 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में बॉलिंग की थी।
पंड्या ने स्कैन कराने के बाद स्टेडियम में वापसी तो की, लेकिन उन्होंने बॉलिंग और फील्डिंग नहीं की।
राहुल ने लिया शानदार कैच, स्पेशल प्रैक्टिस की थी

टीम इंडिया के विकेटकीपर केएल राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ बेहतरीन डाइविंग कैच पकड़ा। 25वें ओवर की पहली बॉल मोहम्मद सिराज ने लेग साइड पर शॉर्ट पिच फेंकी। मेहदी हसन मिराज ने फ्लिक किया, लेकिन बॉल बैट से लगकर विकेट के पीछे चली गई। जहां राहुल ने अपनी बाईं तरफ डाइव लगाकर एक हाथ से डाइविंग कैच पकड़ लिया।
केएल राहुल ने मैच से पहले लेग साइड पर जाती गेंद के लिए कोच के साथ स्पेशल प्रैक्टिस की थी। कोच ने लेग स्टंप से दूर एक बैट रखा, ताकि राहुल को गेंद देखने में दिक्कत हो। उन्होंने फिर बहुत पास से टप्पा खाती हुईं गेंदों को राहुल की तरफ फेंका, ताकि उनके रिफ्लेक्स तेज हो और उन्हें लेग साइड की ओर जाती गेंदों को पकड़ने में आसानी हो। प्रैक्टिस का असर मैच में दिखा और राहुल ने बेहतरीन कैच पकड़ लिया।
