हैदराबाद. मिशेल सेंटनर की धारदार गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने नीदरलैंड को हराकर वनडे वर्ल्ड कप 2023 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है. सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने नीदरलैंड को 99 रन से मात दी.
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 322 रन बनाए थे, विल यंग (70 रन), रचिन रविंद्र (50 रन) और टॉम लैथम (53 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली. नीदरलैंड की टीम 46.3 ओवर में 223 रन पर ढेर हो गई. न्यूजीलैंड के लिए मिशेल सेंटनर ने पांच विकेट लिए. मैट हेनरी को तीन सफलता मिली. मिशेल सेंटनर को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
न्यूजीलैंड के तीन बल्लेबाजों ने जड़ा अर्धशतक
इस मैच में नीदरलैंड की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. नीदरलैंड के गेंदबाजों ने पहला तीन ओवर मेडन फेंका. विश्व कप के इतिहास में 1975 के बाद ऐसा हुआ कि मैच के पहले तीन ओवर मेडन रहे, मगर इसके बाद न्यूजीलैंड के ओपनर डेवॉन कॉन्वे और विल यंग ने 67 रन की ओपनिंग साझेदारी की. कॉन्वे 32 रन की पारी खेलकर वान डेर मर्वे का शिकार बने. कॉन्वे के आउट होने के बाद रचिन रविंद्र ने यंग के साथ मोर्चा संभाला और दोनों बल्लेबाजों ने 77 रन जोड़े. विल यंग ने अर्धशतक लगाया और 70 रन की पारी खेलकर आउट हुए. रचिन रविंद्र ने भी अर्धशतक लगाया और 51 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे. डेरेल मिशेल (48 रन) और टॉम लैथम (53 रन) ने आक्रामक बल्लेबाजी की. दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी को देखकर लग रहा था कि न्यूजीलैंड की टीम इस मैच में 350 रन का आंकड़ा पार कर जाएगी, मगर मिशेल के आउट होने के बाद नीदरलैंड्स के गेंदबाजों ने थोड़ा शिकंजा कसा. 40-45 ओवर के बीच में सिर्फ 24 रन बने.
ग्लेन फिलिप्स (04 रन) और मार्क चैपमैन (05 रन) जल्दी आउट हो गए, मगर मिशेल सेंटनर ने 17 गेंद में नाबाद 36 रन और मैट हेनरी ने चार गेंद में नाबाद 10 रन बनाकर न्यूजीलैंड का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया. आखिरी ओवर में 21 रन बने. न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट पर 322 रन बनाए. नीदरलैंड के लिए मीकरैन, वान डेर मर्व और आर्यन दत्त ने दो-दो विकेट लिए.
