हांगझोऊ/19वें एशियन गेम्स का पहला दिन भारतीय दल के लिए सुखद रहा। यहां चीन के हांगझोऊ शहर में भारतीय खिलाड़ियों ने 5 मेडल जीते, इनमें 3 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल रहे। इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच गई है। यानी क्रिकेट में भी मेडल पक्का हो गया है।
रविवार को पहले दिन के इवेंट समाप्त होने के बाद भारत मेडल टैली के सातवें स्थान पर आ गया है, वहीं मेजबान चीन 20 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज सहित 30 मेडल जीतकर टॉप पर है।
- पहला : रोइंग- सिल्वर : लाइट वेट डबल्स स्कल इवेंट में अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की जोड़ी ने सिल्वर दिलाया। इस जोड़ी ने फाइनल रेस में 6 मिनट, 28.18 सेकेंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहते हुए पूरी की। चीन 6:23.16 मिनट की टाइमिंग के साथ पहले स्थान पर रहा और इस इवेंट गोल्ड जीता।

पहली बार एशियन गेम्स में रोइंग के लाइट वेट डब्ल्स में अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह ने भारत को मेडल दिलाया।
- दूसरा : शूटिंग- सिल्वर : 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारतीय महिला टीम ने सिल्वर दिलाया। मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसी की टीम 1880.0 स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रही। फाइनल में रमिता ने 631.9 पॉइंट हासिल किए, जबकि मेहुली ने 630.8 का स्कोर किया। आशी ने 623.3 अंक हासिल किए।
एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल में भारतीय विमेंस टीम ने सिल्वर जीता।
- तीसरा : रोइंग- ब्रॉन्ज : मेंस पेयर के फाइनल में बाबूलाल यादव और लेखराम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। इस जोड़ी ने 6:50:41 मिनट में रेस पूरी की। हॉन्ग कॉन्ग (6:44.20 मिनट) और उजबेकिस्तान (6:48.11 मिनट) दूसरे स्थान पर रहा।

बाबूलाल यादव और लेखराम ने रोइंग के पेयर इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
- चौथा: रोइंग- सिल्वर : भारतीय पुरुष टीम ने मेंस-8 इवेंट में दूसरा स्थान हासिल करते हुए सिल्वर जीता। टीम ने 5:43.01 मिनट की टाइमिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए रेस फिनिश। चीन (5:40.17 मिनट) पहले और इंडोनेशिया (5:45.51 मिनट) तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय टीम में नीरज, नरेश कलवानिया, नीतिश कुमार, चरणजीत सिंह, जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनित कुमार, आशीष और धनंजय उत्तम पांडे शामिल रहे।

रोइंग-8 में भारतीय टीम ने सिल्वर जीता।
- पांचवां: शूटिंग- ब्रॉन्ज : विमेंस 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। रमिता (230.1 अंक) तीसरे और मेहुली घोष (208.3 अंक) चौथे नंबर पर रहीं। चीन की शूटर्स ने गोल्ड और सिल्वर जीते।

