बांग्लादेश के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा. टीम इंडिया 49.5 ओवर में टारगेट तक पहुंचने से 6 रन पहले ही ऑलआउट हो गई. बेशक इस हार से एशिया कप 2023 में भारतीय टीम की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा. लेकिन, कप्तान रोहित शर्मा अपने एक फैसले के चलते घिर गए. रोहित पर पक्षपात करने का बड़ा आरोप लगा है. इस आरोप के लगने की बड़ी वजह ये रही कि रोहित ने जिन खिलाड़ियों पर भरोसा कर, उन्हें मौका दिया वो बांग्लादेश के खिलाफ मैच में फ्लॉप रहे.
तिलक वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 9 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाए. वहीं सूर्यकुमार यादव की गाड़ी भी 26 रन से आगे नहीं बढ़ सकी. बस फिर क्या था, रोहित शर्मा को घेरने की जिस ताक में फैंस थे, वो मौका उन्हें मिल गया. और, सोशल मीडिया पर इसका असर दिखने लगा.क्रिकेट फैंस तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को मौका दिए जाने और संजू सैमसन को नहीं चुने जाने को लेकर सवाल उठाने लगे. वो अपने सवालों से रोहित शर्मा पर पक्षपात करने जैसा आरोप मढ़ रहे थे.
रोहित शर्मा ने की वक्त देने की बात, लेकिन कब तक?
बता दें कि रोहित शर्मा ने बांग्लादेश से मैच के बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को मौका देने के अपने फैसले पर कहा कि हम आगे की सोच रहे हैं और उन्हें थोड़ा वक्त देना चाहते हैं. तिलक वर्मा का तो ये पहला वनडे था. वो वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा भी नहीं. लेकिन, वर्ल्ड कप टीम में जगह पाने वाले सूर्यकुमार यादव वनडे में लगातार फ्लॉप हो रहे हैं. बड़ा स्कोर कर पाने में वो नाकाम हो रहे हैं. और, यही चीज संजू सैमसन को बाहर देखकर क्रिकेट फैंस को और कचोट रही है.
