कोलंबो/कानपुर
एशिया कप-2023 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर 228 रनों की ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव का अहम योगदान रहा। कुलदीप ने 8 ओवर की गेंदबाजी में 25 रन देकर 5 विकेट चटकाए।
28 साल के कुलदीप के इस प्रदर्शन से उनके कोच कपिल पांडे खुश हैं। वे कहते हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेकर कुलदीप ने उन्हें गुरु दक्षिणा दे दी है। दरअसल, कुलदीप ने टीचर्स डे पर कोच से बात की थी और गिफ्ट के बारे में पूछा था, तब कपिल ने कहा था कि सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 4-5 विकेट ले लो। कुलदीप ने ऐसा करने का वादा किया था।
सवालों पर कपिल पांडे के जवाब…
सवाल: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले कुलदीप ने आपसे बात की?
जवाब: हां, टीचर्स-डे के दिन उसका फोन आया था, वो भी बधाई देने के लिए। उस दिन वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा हुई थी। उसने अपने चयन की जानकारी दी। भारत-पाक मैच पर मैंने उससे कहा- वर्ल्ड कप टीम में आप का सिलेक्शन होना मेरे लिए टीचर्स डे पर इससे बेहतर गिफ्ट नहीं हो सकता। 2 सितंबर को पाकिस्तान के साथ मैच में बारिश की वजह से गेंदबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन सुपर-4 फोर में पाकिस्तान के कम से कम 4-5 विकेट लो, तो मुझे ज्यादा खुशी होगी।
इस पर उसने मुझे भरोसा दिलाया था कि वह ऐसा करने की पूरी कोशिश करेगा। सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 5 विकेट लेकर उसने अपनी कही बात को सही साबित किया। मैं चाहता हूं अगर एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के साथ टीम इंडिया का मैच हो या वर्ल्ड कप में 14 अक्टूबर को वह खेले तो ऐसा कारनामा फिर करे।
सवाल: कुलदीप यादव पाकिस्तान के खिलाफ मैच में काफी बदले हुए नजर आ रहे थे। क्या बदलाव किए?
जवाब: काफी अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने गेंदबाजी में बदलाव नहीं किए हैं। अगर वह फ्लिपर डाल रहे थे, तो वैसे ही डाल रहे थे जैसा पहले डालते थे। उसी तरह गुगली भी पहले की ही तरह डाली, इसमें कोई बदलाव नहीं किया। हां, लाइन लेंथ पर काफी मेहनत की है और उस पर काफी काम किया है। जो मैच में नजर भी आया। पहले छोटी बॉल काफी डाल दे देते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
