कोलंबो/श्रीलंका के पूर्व ऑफ स्पिनर सचित्र सेनानायके को श्रीलंका प्रीमियर लीग में मैच फिक्सिंग के आरोप में बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। श्रीलंकाई पुलिस के मीडिया डिविजन के अनुसार सेनानायके को 24 घंटे के अंदर अदालत में पेश किया जाएगा।
सेनानायके पर आरोप है कि साल 2020 में वे श्रीलंका प्रीमियर लीग में दो खिलाड़ियों को फिक्सिंग के लिए राजी करने की कोशिश की थी। हालांकि, वे इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे थे। ऐसा माना जा रहा था कि उस दौरान वे देश से बाहर थे। वे उस समय दुबई में थे। वहीं से उन्होंने दो खिलाड़ियों से संपर्क किया था। खिलाड़ियों ने इसकी जानकारी एंटी करप्शन अधिकारी को दी थी।

2019 में बने कानून के तहत हुई गिरफ्तारी
सेनानायके की गिरफ्तारी श्रीलंका में साल 2019 में खेल में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए लाए गए कानून के तहत की गई है। इस कानून के तहत कोई व्यक्ति खेल में रिजल्ट को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो वह दोषी माना जाता है।
सेनानायके पर साल 2020 में फिक्सिंग के लगे आरोप की जांच हो रही थी। इस साल अगस्त में आरोपों की जांच होने के बाद कोलंबो चीफ मजिस्ट्रेट की अदालत ने उनके बाहर जाने पर रोक लगा दी थी।
बॉलिंग एक्शन को लेकर बैन भी झेल चुके हैं
सेनानायके के एक्शन को लेकर भी सवाल खड़े हुए थे। उन्हें बैन का सामना करना पड़ा था। हालांकि साल 2014 में उन्होंने एक्शन में बदलाव कर वापसी की थी। वह साल 2014 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के हिस्सा थे। वहीं 2013 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के भी हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने श्रीलंका के लिए खेले 49 वनडे मैचों में 4.76 की इकोनॉमी रेट से 53 विकेट लिए हैं। वहीं 24 टी-20 मैचों में 6.77 की इकोनॉमी रेट से 25 विकेट लिए हैं।
