newyork.स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम US ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। वो 13वीं बार टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। इसी के साथ जोकोविच ने टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर और आंद्रे अगासी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
वहीं विमेंस सिगल्स की डिफेंडिंग चैम्पियन इगा स्वितेक हारकर बाहर हो गई हैं।
क्वार्टर फाइनल में जोकोविच का सामना फ्रिट्ज से होगा
23 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता जोकोविच ने चौथे राउंड में 105वीं रैंकिंग वाले क्रोएशियाई क्वालिफायर बोर्ना गोजो को सीधे सेटों में 6-2, 7-5, 6-4 से हराया।
तीन बार के US ओपन विजेता जोकोविच का अंतिम-8 में सामना अमेरिक के नंबर-1 खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज से होगा। फ्रिट्ज पहली बार US ओपन के अंतिम-8 में पहुंचे हैं।

ओस्टापेंको ने स्वितेक को हराया
चार ग्रैंडस्लैम जीत चुकी स्वितेक विमेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में दुनिया की 21वें नंबर की जेलेना ओस्टापेंको से 6-3, 3-6, 1-6 से हारकर US ओपन से बाहर हो गईं।
1 घंटे 48 मिनट तक चले मैच में पहला सेट हारने के बाद ओस्टापेंको ने शानदार वापसी की। अब मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिका की छठी सीड कोको गॉफ से होगा।

जोकोविच ने फेडरर और अगासी के रिकॉर्ड की बराबरी की
- फेडरर और अगासी भी अपने करियर में 13-13 बार US ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। फिलहाल ये दोनों खिलाड़ी टेनिस को अलविदा कह चुके हैं। फेडरर ने सितंबर 2022 और अगासी ने सितंबर 2006 में टेनिस से संन्यास लिया था।
- जोकोविच का US ओपन में यह 17वां अपियरेंस है, जिसमें वो 13वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। यह कुल ग्रैंडस्लैम में उनका 57वां क्वार्टर फाइनल भी है।
- 17 बार US ओपन खेलने वाले जोकोविच पिछले 16 बार में 11 बार सेमीफाइनल में पहुंचे। नौ बार फाइनल खेले, छह बार फाइनल में हारे, और तीन बार (2011, 2015 और 2018 में) खिताब अपने नाम किया।
- फेडररर अपने 13 US ओपन क्वार्टर फाइनल मैचों में 10 बार सेमीफाइनल में पहुंचे, दो बार रनर-अप रहे और पांच बार (2004, 2005, 2006, 2007 और 2008) टाइटल जीता।
- अगासी 13 क्वार्टर फाइनल में से आठ बार सेमीफाइनल में पहुंचे और चार बार रनर-अप रहे। वो दो बार चैम्पियन (1994 और 1999 में) बने।
