कानपुर/IPL 2023 का सबसे रोमांचक मुकाबला आप लोगों को याद होगा। जब कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने यश दयाल की 5 गेंदों में 5 छक्के लगाए थे और अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई। अब रिंकू सिंह ने बातचीत में उस मैच को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं लगातार 5 छक्के जड़ने के बाद भी मैं एक्साइटेड नहीं हुआ था। यही नहीं, मैच के बाद मैंने यश दलाल को मैसेज किया था। कहा था कि यह एक खेल है। परेशान होने की जरूरत नहीं है। वहीं शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी मेरा पूरा फोकस गेम पर है। अभी शादी के बारे में सोच भी नहीं रहा।
दरअसल, रिंकू 30 अगस्त से ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुरू हो रहे यूपी T-20 में इंडिया टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह पहुंचे हैं। वे मेरठ एविएशन की टीम से खेलेंगे।

सवाल: IPL में 5 छक्के लगाने के बाद आपको कैसा लगा?
जवाब: मैं KKR टीम की तरफ से खेल रहा था। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने लगातार तीन विकेट लेकर हम लोगों पर दबाव बना लिया था। ऐसे में जब मैं उतरा, तो मुझे यह नहीं मालूम था कि टीम को जीतने के लिए कितने रनों की जरूरत है। मेरे सामने बॉलिंग करने के लिए यश दयाल खड़ा था, जो कि यूपी टीम से खेलता है।
उसकी बॉल पर मैंने लगातार तीन छक्के मारे, तो फिर मेरी नजर स्क्रीन पर गई। तब देखा कि अब जीत के लिए सिर्फ 10 रन ही चाहिए। इसके बाद मैंने फिर दो छक्के मारे और टीम को मैच जीता दिया। मुझे उम्मीद नहीं थी कि ऐसा होगा। इसके बाद भी एक्साइटेड नहीं हुआ। मैं एक नॉर्मल खिलाड़ी की तरह ही रहा।

सवाल: क्या बाद में यश से आपकी बात हुई?
जवाब: मैं और यश दयाल दोनों यूपी में एक साथ खेलते हैं। मैच के बाद मैंने यश को मैसेज किया। कहा, ”यह एक खेल है। परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसा खेल में होता रहता है। कभी भी किसी खिलाड़ी को अपना मनोबल नहीं गिराना चाहिए। कभी अच्छा तो कभी खराब प्रदर्शन होता रहता है।
सवाल: अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैच में क्या फर्क है?
जवाब: अंतरराष्ट्रीय मैचों में अधिक प्रेशर झेलना पड़ता है। फिल्डिंग का समय हो या बैटिंग का हर समय एक अलग दबाव देखने को मिलता है। मगर जब पहली बार इंडिया टीम में खेलने का मौका मिला, तो मुझे कही भी ऐसा नहीं लगा कि मैं टीम का नया खिलाड़ी हूं। इंटरनेशनल लेवल पर आने के बाद काफी कुछ चीजें पता चलती हैं। इसलिए मुझे सबसे पहले अपनी बैटिंग को अभी और इंप्रूव करना है। इसके अलावा भी काफी मेहनत करनी है। हर लीग में और हर फॉर्मेट में बेहतर प्रदर्शन करना है। इसका ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियों को करते चल रहा हूं।
