पंजाब के मोगा जिले में 18 साल की बास्केटबॉल खिलाड़ी के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश की। असफल रहने पर आरोपियों ने पीड़िता को इंडोर स्टेडियम की छत से फेंक दिया। 25 फीट ऊंची छत से गिरने के कारण पीड़िता के कई जगह फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने 18 अगस्त 2022 को बताया कि बास्केटबॉल खिलाड़ी के दोनों पैरों और जबड़ों में गंभीर चोटें आईं हैं। वह अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर है और मौत से जंग लड़ रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 12 अगस्त 2022 की है। तीनों युवक तब से फरार हैं। पीड़िता के पिता की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के साथ यह घटना तब घटी, जब वह प्रैक्टिस के लिए मोगा में स्टेडियम गई हुई थी।रोपियों में से एक की पहचान जतिन कांडा (Jatin Kanda) के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर स्टेडियम में उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया और भागने की कोशिश की तब उसने कथित तौर पर बास्केटबॉल खिलाड़ी को करीब 25 फीट की ऊंचाई से धक्का दे दिया। पीड़िता के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में पीड़िता का इलाज कर रहे डॉक्टरों के हवाले से कहा गया है कि बास्केटबॉल खिलाड़ी के दोनों पांव और जबड़ों में फ्रैक्चर हैं। उसकी दो बार सर्जरी हुई है, लेकिन वह पूरी तरह होश में नहीं है और बोलने में असमर्थ है।
लड़की के पिता का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी की। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी बुरी तरह घायल है और बोलने की स्थिति में नहीं है। इसके बावजूद पुलिस ने हाल ही में उसका बयान दर्ज किया है।उधर, पुलिस का कहना है कि जतिन और उसके दो साथियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 307 (हत्या की कोशिश) और 376 (दुष्कर्म) समेत कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत खुराना ने 18 अगस्त 2022 को बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
