प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को खेल स्पर्धाओं में भारत की हालिया सफलता का श्रेय चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता लाने और भाई-भतीजावाद खत्म होने का असर दिखाई दे रहा है। इसी का नतीजा है कि दुनिया भर में खेल के मैदानों में तिरंगा लहरा रहा है और राष्ट्रगान गाया जा रहा है।
भारत के 76वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हमने हाल ही में समाप्त हुए खेल आयोजनों में देखा कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसा तो नहीं था कि पहले प्रतिभाएं नहीं थीं। पहले चयन भाई-भतीजावाद से गुजरता था। वे खेल के मैदान तक तो पहुंच जाते थे, लेकिन जीत-हार से उन्हें कोई लेना-देना नहीं था।’
