मुंबई।दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन मुंबई की टीम को छोड़ने के लिए तैयार हैं और पूरी संभावना है कि वह अगले घरेलू सत्र में गोवा की तरफ से खेल सकते हैं। बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस का हिस्सा था। उन्होंने 2020-21 में मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हरियाणा और पुदुचेरी के खिलाफ दो मैच खेले थे।
पता चला है कि जूनियर तेंदुलकर ने मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने के लिए आवेदन किया है। एसआरटी स्पोर्ट्स मैनेजमेंट ने बयान में कहा, ‘‘अर्जुन के लिए अपने करियर के इस मुकाम पर मैदान पर अधिक से अधिक समय बिताना महत्वपूर्ण है। हमारा मानना है की दूसरी जगह से खेलने पर अर्जुन को अधिक प्रतिस्पर्धी मैच खेलने का मौका मिलेगा। वह अपने क्रिकेट करियर के एक नए चरण की शुरुआत कर रहा है।’’
मौका मिले बिना टीम से किया गया बाहर
अर्जुन तेंदुलकर ने तीन सत्र पहले श्रीलंका के खिलाफ भारत अंडर-19 की तरफ से दो मैच खेले थे। उस समय वह मुंबई की सीमित ओवरों की संभावित टीम में भी शामिल थे। अर्जुन के लिए सबसे बड़ी निराशा यह रही उन्हें खुद को साबित करने का मौका मिले बिना इस सत्र में मुंबई की टीम से बाहर कर दिया गया।
