भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली लंबे समय से अपने करियर के खराब दौर से गुजर रहे हैं। नवंबर 2019 के बाद से उनके बल्ले से अब तक कोई शतकीय पारी नहीं निकली है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में वह पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण नहीं खेल पाए थे। दूसरे वनडे में उनकी वापसी हुई, लेकिन सिर्फ 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
लॉर्ड्स में हुआ दूसरा वनडे मैच भारत ने 100 रन से गंवा दिया। इंग्लैंड के खिलाफ भारत के पुनर्निर्धारित टेस्ट और टी20 सीरीज में भी विराट कोहली का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। विराट कोहली पिछली 77 अंतरराष्ट्रीय पारियों से तीन अंकों में नहीं पहुंच पाए हैं। इस बीच, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने आउट ऑफ फॉर्म विराट कोहली का समर्थन किया है।बाबर आजम ने सोशल मीडिया के जरिए विराट कोहली का ढांढस बंधाया। बाबर ने अपने ट्विटर हैंडल पर विराट कोहली के साथ वाली एक तस्वीर शेयर की और भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए एक दिल छू लेने वाले संदेश लिखा। उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘यह वक्त (खराब समय) भी गुजर जाएगा। हिम्मत बनाए रखें।’ तस्वीर में कोहली बाबर के कंधे पर हाथ रखे दिख रहे हैं।
