साउथैम्पटन // भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में शानदार फॉर्म में थे। साउथैम्पटन में खेले गए मैच में भारत की इंग्लैंड पर 50 रनों की जीत में पांड्या ने बल्ले और गेंद से अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की ओर से हार्दिक पांड्या ने अर्धशतकीय पारी खेली, जिसके बाद उन्होंने गेंदबाजी में 4 विकेट झटके। इसी के साथ वह टी20 के इतिहास में एक मैच में 4 विकेट हॉल और 50 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कोई भी खिलाड़ी एक ही मैच में फिफ्टी और साथ ही साथ 4 विकेट लेने का कारनामा नहीं कर सका था। युवराज सिंह एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जोकि इस रिकॉर्ड के थोड़ा करीब है, उन्होंने एक मैच में तीन विकेट लिए और फिफ्टी भी लगाई थी। लेकिन हार्दिक ने अब उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है।
वर्ल्ड क्रिकेट में एक ही मैच में 4 विकेट लेने वाले और 50+ रन बनाने वाले सिर्फ तीन खिलाड़ी थे। ऐसा करने वाले ड्वेन ब्रावो पहले खिलाड़ी थे। ड्वेन ब्रावो ने भारत के खिलाफ 2009 में नाबाद 66 रन और 4 विकेट लिए थे। मोहम्मद हफीज ने 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 71 रन बनाए थे और 4 विकेट लिए थे। शेन वॉटसन ने इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट लेकर 59 रन बनाए थे।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे हार्दिक ने बिना किसी परेशानी के अपने पसंदीदा शॉट खेले और आउट होने से पहले 33 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 51 रन बनाए।
