बेंगलुरु। 41 बार की चैंपियन मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 123 रन बना लिए हैं। ओपनर यश दुबे 44 व शुभम शर्मा 41 रन बनाकर नाबाद हैं।इससे पहले मुंबई ने जोरदार वापसी करते हुए पहली पारी में 374 रन बनाए हैं। उसकी ओर से सरफराज खान ने 134 रन बनाए। सरफराज का यह आठवां शतक है। मौजूदा सीजन में वे कुल 800 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
सुबह मुंबई ने पहली पारी की शुरुआत 248/5 के स्कोर से की थी। उसने पहले दिन के स्कोर में 126 रन जोड़े। हालांकि, टीम ने पांच विकेट भी गंवाए।सरफराज ने अपनी शतकीय पारी में 243 गेंदों का सामना किया। इसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल है। उन्होंने आज अपनी पारी की शुरुआत 40 रन से की थी।
गौरव यादव ने झटके चार विकेट
दूसरे दिन मध्यप्रदेश के गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा। उन्होंने सरफराज को खुलकर नहीं खेलने दिया। गौरव यादव ने चार, अनुभव अग्रवाल ने तीन, सारांश जैन ने दो और कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट लिए।
सरफराज 150 से ज्यादा के औसत से बना रहे रन
रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में सरफराज ने 9 पारियों में 928 रन बनाए थे। वहीं, इस सीजन 133.85 के औसत के साथ 937 रन बना चुके हैं। कम से कम 2000 फर्स्ट क्लास रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका औसत 82 का है। उनके आगे सिर्फ डॉन ब्रेडमैन हैं।
फाइनल से पहले सरफराज खान के बल्ले से 275, 63, 48, 165, 153, 40, 59 के स्कोर निकले थे। गुरुवार को मुंबई ने अपनी पारी को 248/5 से आगे बढ़ाया और स्कोर में 126 रन जोड़े और 5 विकेट भी गंवाए।
