नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलियाई अंपायर मैदान में अंपायरिंग करते नजर आ रहे हैं। आमतौर पर भारत के घरेलू टूर्नामेंट में भारतीय अंपायर ही मौजूद रहते हैं, लेकिन इस बार रणजी ट्रॉफी के लिए बीसीसीआई ने खास व्यवस्था की है। इसके जहत 2 मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलियाई अंपायर भारत आए हैं। बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अंपायरों के आदान-प्रदान का कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के 2 मैचों में अंपायरिंग करेंगे। वहीं, भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया जाकर वहां के घरेलू क्रिकेट मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे।
इस कार्यक्रम का मकसद दोनों देशों के अंपायरों को अलग-अलग परिस्थितियों और क्रिकेट व्यवस्था में काम करने का अनुभव देना है। इससे अंपायरिंग के स्तर को बेहतर बनाने और दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच पेशेवर सहयोग बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
कौन हैं ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर?
बेन ट्रेलोर ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी अंपायर हैं। वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट, लिस्ट ए क्रिकेट और बिग बैश लीग जैसे टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं। उनके पास 30 फर्स्ट क्लास मैचों, 20 लिस्ट ए मुकाबलों और बिग बैश लीग के 39 मैचों में अंपायरिंग का अनुभव है। इसके अलावा, वह दो महिला वनडे इंटरनेशनल और चार महिला टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भी अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं।
4 बार सम्मानित हो चुके हैं ट्रेलोर
ट्रेलोर क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में अंपायर एजुकेशन ऑफिसर के तौर पर भी काम करते हैं। इस भूमिका में वह नए अंपायरों को प्रशिक्षण देने और उनके कौशल को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। अंपायरिंग शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन की ओर से 4 बार जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
रणजी ट्रॉफी में किन मैचों में अंपायरिंग करेंगे?
बेन ट्रेलोर का भारत में सबसे पहले दिल्ली और गुजरात के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे हैं। यह मैच 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में खेला जा रहा है। इसके बाद वह मुंबई और हरियाणा के बीच 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में होने वाले रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग करेंगे। ट्रेलोर को भारत में अलग-अलग मैदानों और परिस्थितियों में प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। रणजी ट्रॉफी भारत का प्रमुख घरेलू रेड-बॉल टूर्नामेंट है, जिसमें अलग-अलग राज्यों की टीमें हिस्सा लेती हैं। यहां की पिचों, मौसम और मैच की परिस्थितियों में विविधता होती है, जिससे विदेशी अंपायर को भारतीय क्रिकेट के माहौल को समझने का अवसर मिलता है।


