बेंगलुरु: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला कल बेंगलुरु में खेला जाना है। इस मैच में अगर दोनों टीमों ने मिलकर 23 छक्के लगा दिए तो एक सीरीज में सबसे ज्यादा सिक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन जाएगा। अब तक इस सीरीज में औसतन हर मैच में लगभग 25 छक्के लगे हैं। ऐसे में शनिवार को नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनता दिख रहा है। इस सीरीज में चार मैचों में कुल 98 छक्के लगे हैं और अब अंतिम मैच में रिकॉर्ड टूटने की संभावना बहुत ज्यादा है।
आखिरी मैच में 23 छक्कों की जरूरत
भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज में अभी एक मैच बाकी है, जो बेंगलुरु के चिन्नस्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। अगर इस मैच में 23 छक्के और लग गए तो दोनों टीमें द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ देंगी। मौजूदा रिकॉर्ड 120 छक्कों का है, जो 2023 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की सीरीज में बना था।
किस टीम ने किस फेज में ज्यादा छक्के लगाए?
भारत ने पावरप्ले में ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया है। उन्होंने पावरप्ले में 14 छक्के मारे, जबकि वेस्टइंडीज ने इस फेज 10 छक्के लगाए हैं। हालांकि, मिडिल ओवर और डेथ ओवर में वेस्टइंडीज की टीम ने ज्यादा छक्के लगाए हैं। मिडिल ओवर में वेस्टइंडीज ने 27 और डेथ ओवर में 20 छक्के मारे हैं। भारत ने मिडिल ओवर में 16 और डेथ ओवर में 11 छक्के ही लगाए हैं। कुल मिलाकर वेस्टइंडीज ने 57 छक्के मारे हैं, जबकि भारत ने 41 छक्के लगाए हैं। वेस्टइंडीज के कुल रनों का करीब 41 प्रतिशत हिस्सा छक्कों से आया है।
सबसे ज्यादा छक्के किसके नाम?
वेस्टइंडीज कप्तान शाई होप ने इस सीरीज में अब तक 20 छक्के मारे हैं। शेरफेन रदरफर्ड ने 15 छक्के लगाए हैं। दोनों ने मिलकर 35 छक्के मारे हैं, जो लगभग पूरे भारतीय बैटिंग लाइन-अप के छक्कों के बराबर है। भारत की तरफ से कोई एक खिलाड़ी इतने छक्के नहीं मार पाया है। हालांकि, सभी खिलाड़ियों ने अलग-अलग मुकाबलों में अपनी सिक्स हिटिंग एबिलिटी दिखाई है।


