हैदराबाद: भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद में टी20 सीरीज का चौथा मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले टिकटों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के एक सदस्य के साथ तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि फ्री में मिलने वाले मैच पास को वे भारी भरकम पैसे लेकर बेच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ‘NOT FOR SALE’ लिखे 11 मैच पास बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक 12 अक्टूबर को बेगम बाजार के एसडी मॉल के पास टिकटों की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी।
3500 से 6000 रुपये तक में बेच रहे थे पास
इस मामले में पुलिस ने एचसीए सदस्य सतीश चंद्र श्रीवास्तव, उनके बेटे आकर्षित श्रीवास्तव, अविनाश दारक और मोहित सोमानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अविनाश और मोहित को सोमवार रात करीब 9 बजे पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि दोनों को ये पास आकर्षित से मिले थे। आरोप है कि वे व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम पर टिकट बेचने के लिए पोस्ट करते थे। अलग-अलग पास 3500 से 6000 रुपये तक में बेचे गए।
पुलिस का कहना है कि आकर्षित ने अपने पिता से फ्री मैच पास लिए थे। उसे बेचने के लिए अविनाश को दे दिया था। मोहितने इसमें मदद की थी। जांचकर्ताओं के मुताबिक अभी तक करीब 10 पास बेच चुके हैं।
पुलिस ने जब्त किए कई पास और नकदी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मैच के 11 पास के अलावा नवरात्रि डांडिया कार्यक्रम के आठ पास, 5,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक टू व्लिलर भी जब्त किया है। पुलिस एचसीए से पता लगाएगी कि सतीश चंद्र श्रीवास्तव को कुल कितने पास जारी किए गए थे।
चारों आरोपियों को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(1) और 318(2) तथा सिटी पुलिस एक्ट की धारा 21(जीजी) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।


