राजकोट: भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला अनाधिकारिक टेस्ट मैच पारी के अंतर से जीत लिया है। निरंजन शाह स्टेडियम में भारत ने 4 दिन के मैच को तीसरे दिन एक पारी और 48 रनों से अपने नाम किया। यह दो मैचों की सीरीज है। इससे पहले वनडे सीरीज को भारत ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने 217 और दूसरी पारी में 229 रन बनाए। वहीं भारतीय अंडर-19 टीम ने अपनी पहली पारी में ही 494 रन बना दिए थे।
यशबर्धन और ईशान ने सभी 10 विकेट लिए
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की दूसरी पारी में सभी 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों को मिले। कप्तान यशबर्धन चौहान ने 19.4 ओवर में 75 रन देकर 6 विकेट लिए। वहीं पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले झारखंड के ईशान ओम ने 4 बल्लेबाजों को आउट किया। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। पहली पारी में शतक लगाने वाले ब्लैक कैटल ने दूसरी पारी में भी शतक ठोका। उन्होंने सिर्फ 114 गेंदों पर 16 चौके और 4 छक्कों की मदद से 123 रन बनाए। ब्लैक के बल्ले से पहली पारी में 102 रन निकले थे।
सलामी बल्लेबाज नील पटेल ने 41 जबकि 9वें नंबर पर आए कोनोर ग्रेगरी ने 36 रनों की पारी खेली। 117 रनों पर ही ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के 7 विकेट गिर गए थे। यहां से ब्लैक और ग्रेगरी के बीच 101 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि इसके बाद भी टीम पारी की हार नहीं टाल पाई।
भारत ने 9वें विकेट के लिए 180 रन जोड़े
दूसरे दिन स्टंप तक भारतीय अंडर-19 टीम का स्कोर 8 विकेट पर 430 रन था। टीम तीसरे दिन 494 रनों तक पहुंच गई। सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी 240 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हुए। 281 गेंदों पर उन्होंने 24 चौके और 4 छक्के मारे। वहीं 10वें नंबर पर उतरे मोहित उल्वा ने 92 रन बनाए। उन्होंने 84 गेंदों का सामना किया और 10 चौकों के साथ ही 4 छक्के लगाए। लक्ष्य और उल्वा के बीच 180 रनों की साझेदारी हुई।


