न्यू यॉर्क । US ओपन में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूटने के बाद आर्यना सबालेंका अपना गुस्सा नहीं रोक सकीं। एलेना रिबाकिना के खिलाफ फाइनल में 6-4, 5-7, 6-2 से हार के बाद सबालेंका ने कोर्ट पर ही अपना रैकेट पटक दिया। रिबाकिना जहां जीत का जश्न मना रही थीं, वहीं कुछ ही दूरी पर बैठी सबालेंका निराशा में रैकेट को जोर से कोर्ट पर मारती दिखाई दीं और फिर उसे एक तरफ फेंक दिया।
रिबाकिना के चैंपियनशिप प्वाइंट जीतते ही ब्रॉडकास्ट कैमरा पहले उनकी ओर गया, जहां वह दर्शकों का अभिवादन कर रही थीं। इसके बाद कैमरा सबालेंका की तरफ मुड़ा। बेंच पर बैठी सबालेंका बेहद निराश नजर आईं और उन्होंने अपना रैकेट कोर्ट पर पटक दिया। बाद में जब एक कैमरापर्सन उनकी भावनाओं को कैमरे में कैद करने की कोशिश कर रहा था, तो सबालेंका ने उस पर भी नाराजगी जाहिर की।
रिबाकिना बनीं नई नंबर-1
रिबाकिना की इस जीत ने सिर्फ सबालेंका का लगातार तीसरा US ओपन खिताब जीतने का सपना ही नहीं तोड़ा, बल्कि उन्हें WTA रैंकिंग में भी नंबर-1 की कुर्सी से हटा दिया। 14 सितंबर को रिबाकिना आधिकारिक तौर पर दुनिया की नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगी। सबालेंका ने लगातार 99 सप्ताह तक नंबर-1 रैंकिंग पर कब्जा बनाए रखा था। यह उनका शीर्ष रैंकिंग पर दूसरा कार्यकाल था। इससे पहले 2023 में वह केवल 8 सप्ताह तक दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी रही थीं।
हार के बाद सबालेंका ने रिबाकिना के शानदार प्रदर्शन की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वह अपने प्रदर्शन के स्तर से खुश नहीं थीं, लेकिन रिबाकिना ने बेहतरीन सर्विस की और बेहद आक्रामक टेनिस खेला। सबालेंका ने माना कि उस दिन रिबाकिना उनसे बेहतर खिलाड़ी साबित हुईं।


