नई दिल्ली: भारतीय पावरलिफ्टर कीया बनर्जी ने 140 किलोग्राम का डेडलिफ्ट उठाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सन सिटी में आयोजित 2026 आईपीएफ वर्ल्ड सब-जूनियर और जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जूनियर महिला 47 किलोग्राम वर्ग के डेडलिफ्ट इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। कीया खुद 45.7 किग्रा की हैं और उन्होंने अपने वजन से तीन गुना से भी ज्यादा भार उठाया। उनके 140 किलोग्राम के डेडलिफ्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कीया बनर्जी को इस शानदार प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया का एक ऐसा चेहरा भी देखने को मिला, जिसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी। वीडियो वायरल होने के बाद कीया के मुताबिक उनके प्रदर्शन की चर्चा करने के बजाय बड़ी संख्या में लोग उनके दिखावे और शरीर को लेकर कमेंट किए गए। उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इसके अलावा उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाए गए और उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया गया।
कीया बनर्जी ने दावा किया कि उनकी फोटोज का इस्तेमाल करके एआई से गलत तस्वीरें बनाई गईं। उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि यह सेक्सिज्म का सबसे बुरा उदाहरण था। मैं इसे किसी और तरह से नहीं कह सकती। मेरे साथ जैसा बर्ताव किया गया, पुरुषों को कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। जैसे कोई चैंपियनशिप जीतने के बाद या ऐसी ही किसी स्थिति में, किसी पुरुष एथलीट को कभी ऐसी चीजों का सामना नहीं करना पड़ता।’
खेल से ज्यादा लुक के बारे में बात हुई
कीया ने आगे कहा- ज्यादातर बातचीत मेरे लुक के बारे में ही होती थी। लोग बस मेरे लुक की ही बात करते थे और मुझे लगता है कि इससे मुझे सच में बुरा लगता था क्योंकि मैंने अपने लिए और अपने खेल में बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की थी।
कीया ने सिर्फ डेडलिफ्ट में ही शानदार प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने प्रतियोगिता में 90 किलो का स्क्वाट और 50 किलो का बेंच प्रेस भी किया। उनका कुल स्कोर 280 किलो रहा और वह 47 किलोग्राम वर्ग में कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहीं। डेडलिफ्ट में फ्रांस की इनेस हर्बॉक्स ने 165 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। आयरलैंड की ब्लाथनैड ओ’ड्वायर ने भी 140 किलोग्राम का वजन उठाया।


