नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन पाकिस्तान क्रिकेट का पिछले कुछ समय में कई बार हिस्सा रह चुके हैं। वह सपोर्ट स्टाफ में रहे हैं। वर्तमान समय में पाकिस्तान क्रिकेट मुश्किल दौर से गुजर रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में टीम को एकतरफा हार मिली। इसके बाद से बवाल मचा हुआ है। पीसीबी ने तीसरे टेस्ट से पहले 7 खिलाड़ियों को वापस पाकिस्तान भेज दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को हटा दिया।
मैथ्यू हेडन ने पाकिस्तान पर क्या कहा?
पाकिस्तान क्रिकेट में जारी इस उथल-पुथल पर हेडन ने कहा कि यह टीम के लिए लगातार दबाव वाला माहौल बना देता है। हेडन ने विजडन के पॉडकास्ट में कहा, ‘पाकिस्तान के साथ काम करते हुए मुझे बहुत मजा आया। हालांकि, कुछ भी बदला नहीं है। आप जानते हैं, यही तो हमेशा दिक्कत रही है। वहां माहौल ही प्रेशर कूकर जैसा है। ऐसे माहौल में लगातार अच्छा काम करना बहुत मुश्किल होता है।’
खिलाड़ी एक पैर पर खड़े रहते हैं
मैथ्यू हेडन ने माना कि पाकिस्तान में काफी नैचुअल टैलेंट है लेकिन समस्या यह है कि इस प्रतिभा को सही दिशा और स्थिर माहौल नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा- पाकिस्तान हमेशा डार्क हॉर्स टीम होती है क्योंकि उनका नैचुरल टैलेंट जबरदस्त है। कोई भी एथलेटिक क्षमता को देख सकता है कि पाकिस्तान में इसकी भरमार है। दिक्कत यह है कि इस पर कभी फोकस नहीं हो पाता क्योंकि उन्हें कभी फोकस करने दिया ही नहीं जाता। वहां हमेशा अफरा-तफरी का माहौल रहता है। वे हमेशा एक पैर पर खड़े होते हैं, दो पैरों पर तो दूर की बात है। इसलिए कोई मजबूत बेस नहीं बन पाता।’मैथ्यू हेडन ने पाकिस्तान की तुलना वेस्टइंडीज से भी की। हेडन का मानना है कि दोनों देशों में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त जुनून और प्रतिभा है, लेकिन सिस्टम की समस्याएं खिलाड़ियों को आगे नहीं बढ़ने देती। हेडन ने पाकिस्तान के साथ 2021 टी20 वर्ल्ड कप में बैटिंग कंसल्टेंट और 2022 टी20 वर्ल्ड कप में मेंटोर के तौर पर काम किया था।


