नई दिल्ली: क्रिकेट फैंस अक्सर कहते हैं कि भारतीय टीम का दरवाजा बंद हो सकता है लेकिन उम्मीद की खिड़की हमेशा खुली रहती है। ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या का भी कुछ ऐसा ही मिजाज देखने को मिल रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ तो उसमें क्रुणाल का नाम गायब था। इस झटके के बावजूद उनका हौसला पस्त नहीं हुआ है।
क्रुणाल ने सोशल मीडिया पर दिया रिएक्शन
टीम के ऐलान के तुरंत बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए लिखा, ‘उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं।’ उनके इस रिएक्शन से साफ है कि वह टीम में अपनी वापसी को लेकर पूरी तरह सकारात्मक हैं। हालिया प्रदर्शन को देखें तो क्रुणाल की यह उम्मीद बेबुनियाद भी नहीं लगती। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलते हुए इस ऑलराउंडर ने अपनी उपयोगिता साबित की थी।
आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन
उन्होंने सिर्फ 9 पारियों में 145.80 के स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाने के साथ-साथ 14 महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए। इससे पिछले सीजन में भी आरसीबी को चैंपियन बनाने में उनकी गेंदबाजी की अहम भूमिका रही थी जहां उन्होंने फाइनल मुकाबले में 17 रन देकर 2 विकेट का मैच-विनिंग स्पेल फेंका था।
टीम में ये ऑलराउंडर मौजूद
अफगानिस्तान सीरीज के लिए ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और युवा नितिश कुमार रेड्डी पर भरोसा जताया गया है। क्रुणाल ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला 2021 में खेला था। अब तक खेले 19 टी20 मैचों में उनके नाम 124 रन और 15 विकेट दर्ज हैं, लेकिन टीम में कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण फिलहाल उन्हें अपनी बारी का और इंतजार करना होगा।


