कोलकाता। भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए आने वाले दिन बेहद खास होने वाले हैं। दुनिया की दिग्गज टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिलने जा रहा है और इसी कड़ी में भारतीय मेन्स फुटबॉल टीम दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से भिड़ेगी। दोनों टीमों के बीच इंटरनेशनल फ्रैंडली मुकाबला 6 अक्टूबर को कोलकाता के प्रतिष्ठित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा।
कोलकाता में फुटबॉल का रोमांच
खास बात यह है कि उरुग्वे से मुकाबले से महज तीन दिन पहले भारतीय टीम इसी मैदान पर पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील का सामना करेगी। ऐसे में कोलकाता के फुटबॉल प्रेमियों को एक ही फीफा विंडो में वर्ल्ड फुटबॉल की दो बड़ी ताकतों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ यानी AIFF ने 27 अगस्त को उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले की घोषणा की। AIFF के अनुसार, सितंबर से अक्टूबर तक चलने वाली फीफा इंटरनेशनल विंडो में यह भारत का तीसरा हाई-प्रोफाइल फ्रैंडली मुकाबला होगा। इससे पहले भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में पनामा के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। इस तरह एक ही फीफा विंडो के दौरान भारत में पनामा, ब्राजील और उरुग्वे जैसी वर्ल्ड कप खेल चुकी टीमें पहुंचेंगी।


