बैंकॉक: थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित एशियन क्रिकेट काउंसिल की सालाना आम बैठक के दौरान बोर्ड निदेशक पदों के लिए हुए चुनाव में पाकिस्तान समर्थित पैनल ने जीत दर्ज की है। एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी द्वारा समर्थित पैनल ने तीन उपलब्ध निदेशक सीटों पर जीत हासिल करते हुए भारत द्वारा समर्थित पैनल को मात दी।
कतर, सिंगापुर और मालदीव के प्रतिनिधि चुने गए
सूत्रों के अनुसार, चुनाव में जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवार कतर, सिंगापुर और मालदीव के क्रिकेट बोर्ड का प्रतिनिधित्व करते हैं। तीन प्रमुख बोर्ड सीटों पर मिली इस जीत को एशियाई क्रिकेट निकाय के भीतर मोहसिन नकवी और पाकिस्तान के बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। BCCI की ओर से बैठक में उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था, हालांकि उनके समर्थित प्रत्याशियों को मतदान में हार का सामना करना पड़ा।
एशिया कप और वीमेंस एशिया कप पर हुई अहम चर्चा
बैठक के दौरान अगले साल बांग्लादेश में आयोजित होने वाले पुरुष एशिया कप की तैयारियों का जायजा लिया गया, जिसके लिए सिलहट, मीरपुर और चट्टोग्राम के नामों का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा दुबई में होने वाले आगामी महिला टी20 एशिया कप की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। 8 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। महिला एशिया कप 28 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा, जिसके सभी 15 मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।
वायरल हो रही तस्वीर
इस दौरान भारत की ओर से इस मीटिंग में गए राजीव शुक्ला की तस्वीरें काफी ज्यादा वायरल हो रही है। दरअसल इस तस्वीर में राजीव शुक्ला पाकिस्तान के मोहसिन नकवी के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। दरअसल पिछले कुछ सालों में भारत और पाकिस्तान के रिश्ते अच्छे नहीं रहे हैं। इस बीच ऐसी तस्वीर ने फैंस के बीच नए मुद्दे को खड़ा कर दिया है।


