गॉल: गॉल टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ यशस्वी जायसवाल के लिए पहला मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा। पहली पारी में वो केएल राहुल के साथ तालमेल की कमी के कारण अजीबागरीब तरीके से रन आउट हो गए थे, लेकिन दूसरी पारी में महज तीन गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटना उनकी तकनीक और रवैये पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। मैच के चौथे दिन असिता फर्नांडो की बाहर जाती गेंद पर क्रीज में जकड़े-जकड़े बल्ला चलाने के फेर में वे विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच थमा बैठे। भारतीय टीम जिस तेजी से रन बनाकर लंका के सामने बड़ा लक्ष्य रखना चाहती थी लेकिन यशस्वी के आउट होने से उस रणनीति को तगड़ा झटका लगा।
यशस्वी 7 वीं बार 0 पर आउट
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में बतौर ओपनर शून्य पर आउट होने का यह उनका 7वां मौका था। हालांकि, चिंता केवल खाता न खुलने की नहीं है बल्कि उस शॉट सेलेक्शन की है जो बार-बार उनके पतन का कारण बन रहा है।
कट शॉट पर हो रहे आउट
तेज गेंदबाजों के खिलाफ कट शॉट खेलना जायसवाल की सबसे बड़ी ताकत माना जाता था लेकिन अब यही शॉट उनके लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन चुका है। हालिया आंकड़ों में दिख रहा है कि इस आक्रामक शॉट को खेलते वक्त उनके बल्ले और गेंद का संपर्क सही नहीं हो रहा है। ऐसे में अगर जायसवाल का बल्ला अगले मुकाबले में भी नहीं चलता है तो उनकी जगह पर सवाल उठने लगेंगे।


