नई दिल्ली: अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। संन्यास के बाद उन्होंने यशस्वी जायसवाल से जुड़े पुराने विवाद के बारे में खुलकर बात की है। 2022 के दलीप ट्रॉफी फाइनल के दौरान मैदान से बाहर भेज दिया था। वेस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का फाइनल हुआ था। उस मुकाबले में साउथ जोन के बल्लेबाज टी रवि तेजा को यशस्वी जायसवाल स्लेज कर रहे थे। इस दौरान अंपायर ने कई बार यशस्वी को चेतावनी दी लेकिन वह शांत नहीं हुए।
रहाणे ने पूरा मामला बताया
हालात बिगड़ते देखकर वेस्ट जोन के कप्तान अजिंक्य रहाणे को बीच में आना पड़ा। उन्होंने अपनी ही टीम के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल को मैदान से बाहर जाने के लिए कह दिया। रहाणे और यशस्वी दोनों ही मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। रहाणे ने संन्यास के बाद उस विवाद के बारे में खुलकर बात की है। रहाणे ने बताया कि अगर वह यशस्वी को बाहर नहीं भेजते तो उनपर चार मैच का बैन लग जाता।
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘खेल में स्लेजिंग होती है और मैं मानता हूं कि यह होनी भी चाहिए, इससे थोड़ा मजा आता है। मुझे लगा कि उस समय स्थिति हाथ से निकल सकती थी। उस पल यशस्वी को बुरा जरूर लगा होगा। लेकिन हमने ऐसे कई मामले देखे हैं जहां खिलाड़ियों पर बैन लगा है और कोई नहीं जानता कि समय कब बदल जाए। मैंने स्थिति को भांपा और मुझे लगा कि दोनों खिलाड़ी आपा खो रहे हैं और अपने साथी खिलाड़ी को संभालना मेरी जिम्मेदारी थी।’


