कार्डिफ: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में टीम इंडिया के दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा को किस्मत का भरपूर साथ मिला लेकिन वह इस सुनहरे मौके का फायदा उठाने में पूरी तरह नाकाम रहे। मैच की शुरुआत में ही 5 रन के निजी स्कोर पर गस एटकिंसन द्वारा कैच छोड़े जाने के बाद रोहित को पारी में एक और जीवनदान मिला। लेकिन वे इसके बावजूद भी फेल रहे।
हालांकि, दो-दो जीवनदान मिलने के बावजूद हिटमैन अपनी पारी को रफ्तार नहीं दे सके और संघर्ष करते हुए आखिरकार 47 गेंदों में महज 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी इस सुस्त पारी में केवल एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। पारी के 18वें ओवर में रोहित शर्मा के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया जिसका फायदा इंग्लैंड के स्पिनर विल जैक्स को मिला।
लगातार खेलीं 8 डॉट बॉल
दरअसल, आउट होने से पहले रोहित लगातार 8 गेंदें डॉट खेल चुके थे और रन बनाने के दबाव में थे। विल जैक्स ने ऑफ-स्टंप की लाइन पर फ्लाइटेड गेंद डाली जिसे खेलने के लिए रोहित घुटने के बल बैठकर स्वीप शॉट लगाने गए। लेकिन गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से पर लगकर हवा में खड़ी हो गई। विकेटकीपर जोस बटलर ने एक बेहद आसान सा कैच लपका और रोहित की संघर्षपूर्ण पारी का अंत कर दिया।
पूरी पारी में लय नहीं दिखी
पूरी पारी के दौरान रोहित शर्मा अपनी चिर-परिचित लय और टाइमिंग के लिए तरसते नजर आए। जीवनदान मिलने के बावजूद वह क्रीज पर संघर्ष करते रहे और स्पिन गेंदबाजों के सामने भी रन बनाने के लिए जूझते दिखे। पिछले मुकाबले में सिर्फ 11 रन पर आउट होने के बाद इस मैच में भी उनके बल्ले से रन न निकलना यह साफ दर्शाता है कि रोहित इस समय बेहद खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। लगातार फ्लॉप हो रहे रोहित शर्मा के प्रदर्शन ने अब टीम में उनकी जगह को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


