सूर्यकुमार यादव ने अपने पोस्ट में साफ कर दिया कि वह हमेशा टीम इंडिया के समर्थन में खड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे बयानों से बचने के लिए कहा। सूर्या ने लिखा, ‘मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उनके बेहतरीन प्रदर्शन की कामना करता हूं। मुझे पता है कि सभी खिलाड़ी अपना 100 प्रतिशत दे रहे हैं और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन मिलेगा। भारतीय क्रिकेट, अपने साथियों और इस खेल के प्रति मेरा समर्थन हमेशा बना रहेगा। मेरे काम और मेरा व्यवहार उन झूठे बयानों से कहीं ज्यादा मायने रखते हैं। जिन्हें गलत तरीके से मेरे नाम से जोड़ा जा रहा है।’
भ्रामक पोस्ट को लेकर दिया बयान
सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव के नाम से एक बयान वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने खिलाड़ियों के अंदर-बाहर होने की बात कही। संभवत: इसी बयान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि ऐसी वीडियो का भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘मैंने देखा है कि सोशल मीडिया पर एक बयान मेरे नाम से वायरल किया जा रहा है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान न तो दिया है और न ही इसकी अनुमति दी है। कृपया बिना पुष्टि की गई किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें और उसे साझा भी न करें।’
वैभव सूर्यवंशी पर भी दी प्रतिक्रिया
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू किया। हालांकि वे 14 रन ही बना सके। सूर्यवंशी के बारे में सूर्या ने लिखा, ‘वैभव के लिए मैं एक खास बात कहना चाहता हूं। तुम एक शानदार सफर की शुरुआत कर रहे हो। हर पल का आनंद लो और अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करते रहो।’


