नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट ने एक बड़ा फैसला लेते हुए ओपनर संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर का रास्ता दिखा दिया। हाल ही में भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सैमसन पिछले तीन मैचों से लगातार फ्लॉप चल रहे थे। उनकी जगह 15 साल के घातक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका दिया गया। दूसरे टी20 मं टॉस के बाद टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को बाउंड्री लाइन पर संजू सैमसन से काफी देर तक बातचीत करते और उनका हौसला बढ़ाते हुए देखा गया।
गंभीर और सैमसन के बीच बातचीत
टीम सिलेक्शन के इस कड़े फैसले के तुरंत बाद मैदान पर एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। मुख्य कोच गौतम गंभीर बाउंड्री लाइन के पास संजू सैमसन से काफी लंबी बातचीत करते हुए नजर आए। इस दौरान गंभीर सैमसन को एक सीनियर गाइड की तरह उन्हें सांत्वना दे रहे थे। गंभीर का यह अंदाज साफ बयां कर रहा था कि सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना आसान फैसला नहीं था।
फॉर्म में नहीं थे संजू सैमसन
संजू सैमसन को बाहर करने का फैसला भले ही कड़ा था लेकिन हालिया आंकड़ों को देखते हुए मैनेजमेंट के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचे थे। आयरलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज हार के दौरान सैमसन 0 और 5 रन बनाकर आउट हुए थे जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उनके बल्ले से महज 1 रन निकला। लगातार तीन पारियों में दहाई का आंकड़ा न छू पाने के चलते फैंस लगातार वैभव सूर्यवंशी को मौका देने की मांग कर रहे थे।
अपने डेब्यू मैच में इस युवा खिलाड़ी ने 10 गेंदों में 14 रनों की संक्षिप्त पारी खेली। हालांकि, मैनेजमेंट का मानना है कि नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में तैयार हो रही इस युवा टीम में सैमसन के रास्ते पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं और उन्हें आगे भी मौके मिलेंगे।
लगातार झेलनी पड़ रही हार
संजू सैमसन को ड्रॉप करने और टीम में बदलाव के बावजूद कप्तान श्रेयस अय्यर की किस्मत नहीं बदली। भारतीय टीम को अभी भी अय्यर की कप्तानी में अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत की तलाश है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बोर्ड पर 190 रनों का एक मजबूत स्कोर खड़ा किया था।
लेकिन भारतीय गेंदबाज इस बड़े लक्ष्य का बचाव करने में पूरी तरह नाकाम रहे। इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने भारतीय आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए शानदार पारियां खेलीं। दोनों की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत मेजबान इंग्लैंड ने 6 गेंद रहते ही 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत को सीरीज में एक और करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।


