नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में इन दिनों टी20 फॉर्मेट में अपनी जगह पुख्ता करने की होड़ लगी हुई है। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने के बावजूद डेब्यू नहीं कर पाए हैं। टीम प्रबंधन का कहना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूं ही बाहर नहीं किया जा सकता है। माना जा रहा है कि संजू सैमसन बाहर होंगे तो वैभव के लिए जगह बनेगी। लेकिन संजू से पहले तिलक वर्मा पर गाज गिर सकती है। उनका हालिया प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए दिक्कतों का सबब बन चुका है।
तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट बना परेशानी
तिलक वर्मा जिस रफ्तार से रन बनाते हैं वो टीम इंडिया के लिए फायदे का सौदा साबित नहीं हो रहा है। खास तौर से धीमी गति की गेंदों के सामने वे सिर्फ 125 के स्ट्राइक रेट से खेल पाते हैं। आयरलैंड के सामने पहले मुकाबले में उन्होंने 21 गेंदों में 19 रन बनाए थे। फिर दूसरे मैच में 55 रन की पारी खेली लेकिन इसके लिए 46 गेंदों का सहारा लिया।वहीं इंग्लैंड के सामने पहले टी20 में 13 गेंदों में इतने ही रन बना सके। जबकि उनके क्रीज पर आने से पहले भारत ने 8.2 ओवर में 88 रन बना लिए थे। टी20 वर्ल्ड कप में भी यही परेशानी देखने को मिली थी। जहां शुरुआती 3 मैचों में उन्होंने 25 (21), 25 (24), 31 (27) की पारियां खेली थी।
क्यों तिलक के लिए प्लेइंग इलेवन में टिकना मुश्किल?
तिलक वर्मा का प्लेइंग इलेवन में बने रहने इसीलिए भी मुश्किल है, क्योंकि वैभव सूर्यवंशी नाम का तूफान बेंच पर बैठा अपनी बारी का इंतजार कर रहा है। उनको मुख्य-11 में शामिल करने की बारी आई तो सबसे पहले तिलक को बाहर किया जा सकता है। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 3 करिश्माई पारी खेलकर अपना केस मजबूत कर लिया है।
दूसरे टी20 में देखने को मिल सकता है बदलाव
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ अगला टी20 मैच शनिवार यानि 4 जुलाई को मैन्चेस्टर में खेलना है। इस मुकाबले की प्लेइंग-XI में बदलाव देखा जा सकता है। देखा जाए तो तिलक का टी20 इंटरनेशनल में स्ट्राइक रेट 142 का है, भारत के लिए 52 मैचों में उन्होंने 2 शतक और 7 अर्धशतक के साथ 1477 रन बनाए हैं। उनकी सबसे यादगार पारी एशिया कप 2026 के फाइनल में आई थी। जहां उन्होंने 53 गेंदों में 69 रन बनाकर मैच जिताया था।


