गाले: इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट मैच शुरू हो चुका है। आज यानि 2 जुलाई को मुकाबले का पहला दिन था। जहां श्रीलंकाई कप्तान सहन अराच्चिगे ने 83 रन की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को 288 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से सारांश जैन और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी खेमे पर लगाम लगाने का काम किया, नहीं तो स्कोर पहले दिन ही 300 के पार जा सकता था।
अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके श्रीलंका के बल्लेबाज
गाले में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय कप्तान ध्रुव जुरेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआती ओवर में गुरनूर बराड़ और आकिब नबी ने बल्लेबाजों को अपनी सटीक लाइन और लेंथ से काबू में किया हुआ था। 15 ओवर के खेल में श्रीलंका की सलामी जोड़ी 53 रन ही बना सकी थी। 16वें ओवर की पहली गेंद पर यश ठाकुर ने सोहन डी लिवेरा (28) को चलता कर दिया। इसके बाद पवंता वीरसिंघे और नुवानिदु फर्नांडो को शुरुआत को मिली लेकिन वे इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। एशेन बंडारा भी 34 रन बनाकर आउट हो गए।
सहन अराच्चिगे की कप्तानी पारी
171 रन के संयुक्त स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका के कप्तान सहन अराच्चिगे ने मोर्चा संभाला। अंजला बंडारा के साथ मिलकर उन्होंने 101 रन की साझेदारी की। 77वें ओवर की 5वीं गेंद पर बंडारा 42 रन का योगदान देकर आउट हो गए। लेकिन अराच्चिगे 148 गेंदों का सामना करते हुए 83 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी की बदौलत श्रीलंका ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना दिए हैं।
यश और सारांश ने लिए 2-2 विकेट
अंत में बात की जाए भारतीय गेंदबाजों की तो इंदौर के सारांश जैन और यश ठाकुर 2-2 विकेट लेकर पहले दिन सबसे सफल गेंदबाज रहे। जैन ने सबसे ज्याद 24 ओवर डाले जिसमें उन्होंने 77 रन दिए। जबकि ठाकुर ने 24 ओवर के स्पेल में 32 रन खर्च किए। इन दोनों के अलावा गुरनूर बराड़ को भी एक विकेट मिला। आकिब नबी और जीशान अंसारी को क्रमश: 15 और 16 ओवर डालने के बावजूद खाली हाथ जाना पड़ा।


