नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 23 जून को पद्मश्री से सम्मानित किया। रोहित को उनके शानदार नेतृत्व और उपलब्धियों के लिए पद्मश्री सम्मान दिया गया है। साल 2024 रोहित के करियर के लिए बेहद खास रहा। इसी साल उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर देश का नाम रोशन किया। रोहित शर्मा के साथ टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज को ‘पद्म भूषण’ सम्मान से नवाजा गया है।
हरमनप्रीत कौर को भी मिला था पद्म श्री अवॉर्ड
इससे पहले इसी साल मई में भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। वहीं उनके साथ पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और पारंपरिक मार्शल आर्ट के क्षेत्र में के. पाजनिवेल के योगदान के लिए पद्मश्री से नवाजा गया था। बता दें कि राष्ट्रपति ने जनवरी में साल 2026 के पद्म पुरस्कारों का एलान किया था, जिसमें खेल जगत से नौ प्लेयर्स का चयन किया गया था।
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने दो ICC ट्रॉफी की अपने नाम
रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट के एक बहुत महान खिलाड़ी हैं और उन्होंने देश के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और साल 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। इससे पहले, वे साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम में भी शामिल थे। रोहित शर्मा को देखकर आज के बहुत से युवा आगे बढ़ने की सीख लेते हैं। साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भी उन्होंने बहुत अच्छी कप्तानी की थी और वहां टीम इंडिया फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी। फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ने की थी शानदार बल्लेबाजी
2023 के वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ने बहुत ही शानदार बल्लेबाजी की थी। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने अच्छी स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। जिसकी वजह से भारतीय टीम को कई मैचों में जीत मिली। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 597 रन बनाए। वह विराट कोहली (765 रन) के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी थे। इससे पहले, 2019 के वर्ल्ड कप में भी रोहित बहुत बेहतरीन फॉर्म में थे। उस समय उन्होंने रिकॉर्ड 5 शतक (सेंचुरी) लगाए थे और 9 पारियों में सबसे ज़्यादा 648 रन बनाकर पहले नंबर पर रहे थे।


