बर्लिन: साल 2010 के फीफा वर्ल्ड कप में पॉल द ऑक्टोपस नाम के जीव ने अपनी भविष्यवाणियों से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। लेकिन अब एक जर्मन अर्थशास्त्री ने उससे भी आगे बढ़कर एक ऐसा अनोखा फॉर्मूला तैयार किया है, जिसने फुटबॉल पंडितों के होश उड़ा दिए हैं। इस अर्थशास्त्री का नाम जोआचिम क्लेमेंट है। क्लेमेंट ने अपने इस जादुई फॉर्मूले के दम पर पिछले लगातार तीन फीफा वर्ल्ड कप के विजेताओं की बिल्कुल सटीक भविष्यवाणी की थी। अब दुनिया भर के फुटबॉल फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि उनके फॉर्मूले ने इस बार किसे विजेता चुना है
लगातार तीन बार सही साबित हुई भविष्यवाणी
जोआचिम क्लेमेंट का यह फॉर्मूला देश की जनसंख्या के आकार और टीमों की रैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण आंकड़ों का विश्लेषण करता है। इस डेटा के आधार पर उनके सिस्टम ने पारंपरिक खेल विशेषज्ञों को हर बार पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने साल 2014 में जर्मनी के चैंपियन बनने की सही भविष्यवाणी की थी, इसके बाद साल 2018 में फ्रांस के खिताब जीतने का सटीक अनुमान लगाया और साल 2022 में भी उनका अर्जेंटीना के विश्व विजेता बनने का आकलन बिल्कुल सच साबित हुआ था।
दिलचस्प बात यह है कि क्लेमेंट ने शुरुआत में यह साबित करने के लिए काम शुरू किया था कि वर्ल्ड कप विजेता की भविष्यवाणी करना पूरी तरह असंभव है। जर्मन समाचार वेबसाइट डेर स्पीगेल से बात करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि जब 2014 में उनका मॉडल पहली ही बार में सही साबित हुआ, तो वे खुद पूरी तरह हैरान रह गए थे। उन्होंने बताया कि पहली बार वे तब डर गए थे जब ब्राजील में जर्मनी विश्व चैंपियन बना, क्योंकि तब सभी विशेषज्ञों का मानना था कि साउथ अमेरिका में आज तक कोई भी यूरोपीय टीम वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। क्लेमेंट ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वे वास्तव में अपनी भविष्यवाणी को गलत साबित करने की कोशिश कर रहा थे, लेकिन लगातार तीन बार सही अनुमान लगाने के बाद वे खुद को दुनिया का सबसे भाग्यशाली अर्थशास्त्री मानते हैं।
जोआचिम क्लेमेंट का फॉर्मूला किसी मैच में होने वाली लगभग आधी घटनाओं की व्याख्या तो आंकड़ों से कर सकता है, लेकिन बाकी के आधे हिस्से को वे पूरी तरह से भाग्य पर छोड़ देते हैं। उनका कहना है कि लोग उनसे लगातार पूछते हैं कि उनकी क्रिस्टल बॉल क्या कहती है, लेकिन सच यह है कि उनके पास ऐसी कोई जादुई गेंद नहीं है और वे अब तक सिर्फ भाग्यशाली रहे हैं। जब उनसे इस बार के टूर्नामेंट के विजेता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने उस नाम का खुलासा किया जिसका फुटबॉल फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। क्लेमेंट ने बताया कि एक जर्मन होने के नाते उन्हें यह कहते हुए थोड़ा दुख हो रहा है, लेकिन उनका फॉर्मूला यह भविष्यवाणी करता है कि नीदरलैंड्स इस बार अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीतेगा। भले ही क्लेमेंट इसे अपनी किस्मत मानकर विनम्रता दिखा रहे हों, लेकिन उनकी पिछली तीन सटीक भविष्यवाणियों को देखते हुए इस बार पूरी दुनिया के फुटबॉल फैंस की नजरें नीदरलैंड्स की टीम पर टिकी रहेंगी


