ऑकलैंड: क्रिकेट जगत से इस समय की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। न्यूजीलैंड के सबसे सफल ऑल-फॉर्मेट रन-स्कोरर और इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में शुमार केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी है। नवंबर में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा करने वाले 35 साल के विलियमसन ने अब टेस्ट और वनडे क्रिकेट से भी पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला किया है। विलियमसन के इस अचानक लिए गए फैसले से उनके चाहने वाले काफी निशान हैं।
खत्म हुआ 16 साल का दबदबा
केन विलियमसन के इस फैसले के साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट के एक सुनहरे और ऐतिहासिक अध्याय का अंत हो गया है। साल 2010 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले विलियमसन ने 16 साल तक कीवी टीम की सेवा की। इस दौरान उनके बल्ले से कई ऐसे रिकॉर्ड निकले जिन्हें तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। वे न्यूजीलैंड के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 378 मैच खेल चुके हैं। विलियमसन 19,346 रनों के साथ न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में विदा हो रहे हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 48 शानदार शतक और 6 दोहरे शतक दर्ज हैं
भावुक हुए विलियमसन
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए केन विलियमसन काफी भावुक नजर आए। उन्होंने साफ किया कि वे अपने नियमों और शर्तों पर खेल को अलविदा कह रहे हैं। विलियमसन ने कहा कि वे पिछले कुछ समय से इस बारे में सोच रहे थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह पूरी तरह साफ हो गया कि अब हटने का यही सही समय है। उन्होंने हमेशा इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक मजबूत भूख महसूस की है और उन्हें इस बात पर गर्व है कि उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में अपना सब कुछ झोंक दिया। उनका मानना है कि इससे कम के साथ आगे बढ़ना सही नहीं होता। वे इस टीम को बहुत प्यार करते हैं और इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहने पर खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं।
न्यूजीलैंड के लिए रहे शानदार कप्तान
विलियमसन को केवल उनकी बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि उनकी शांत और गरिमापूर्ण कप्तानी शैली के लिए भी दुनिया भर में बेहद सम्मान मिला। उन्होंने साल 2016 से 2024 के बीच न्यूजीलैंड टीम की कमान संभाली, जो कीवी क्रिकेट का सबसे स्वर्णिम दौर माना जाता है। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने दो बार आईसीसी वर्ल्ड कप के फाइनल का सफर तय किया और तीन बार अलग-अलग आईसीसी टूर्नामेंट्स के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही कीवी टीम ने साल 2021 में भारत को हराकर पहली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब अपने नाम किया था।


