ढाका: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मैच भी जीत लिया है। इसके साथ ही टीम ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में मात दी है। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश ने सिर्फ एक ही वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। 2005 में मिली उस जीत के बाद 2026 में बांग्लादेश ने लगातार दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर लिया।
ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम पर हुए दूसरे वनडे को बांग्लादेश ने डकवर्थ लुइस नियम से 5 विकेट से जीत लिया। पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 42 ओवर में 8 विकेट पर 187 रन बना। बारिश की वजह से इसके बाद खेल रोकना पड़ा। जब खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म कर दी गई। बांग्लादेश को को 41 ओवर में 192 रनों का लक्ष्य मिला। टीम ने 35 ओवर में ही 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
ऑस्ट्रेलिया के जीरो पर पर 3 विकेट गिरे
बांग्लादेश की तेज गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की टीम एक बार फिर जूझती दिखी। दो ओवर में टीम का स्कोर जीरो रन पर तीन विकेट हो गया था। मैथ्यू शॉर्ट लगातार तीसरे वनडे में जीरो पर आउट हुए। कूपर कोनोली और मैट रेनशॉ भी खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद कप्तान जोश इंगलिस और एलेक्स कैरी ने चौथे विकेट के लिए 25 रन जोड़े। कैरी ने 13 रनों की पारी खेली तो इंग्लिस ने 34 रन बनाए। 22वें ओवर में कैमरून ग्रीन (25) आउट हुए तो बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट पर 81 रन था।
फिर मार्नस लाबुशेन (नाबाद 55 रन) और जेवियर बार्टलेट (52 रन) की अर्धशतकीय पारी खेली और 103 रनों की साझेदारी बनाई। बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद और मुस्तफिरुज रहमान ने 3-3 विकेट लिए जबकि तनवीर इस्लाम को दो विकेट मिले।
बांग्लादेश की शुरुआत भी खराब रही
बांग्लादेश की शुरुआत भी खराब रही और जेवियर बार्टलेट ने दूसरी ही गेंद पर तंजिम हसन तमीम को आउट कर दिया। दूसरे विकेट के लिए सौम्य सरकार और नजमुल हुसैन शांतो ने 93 गेंदों पर 86 रनों की साझेदारी की। सरकार ने 47 गेंद पर 42 जबकि शांतो ने 53 गेंद पर 41 रन बनाए। 27वें ओवर में बांग्लादेश पांच विकेट पर 144 रन के स्कोर पर लड़खड़ा गया था, लेकिन हृदय और कप्तान मेहदी हसन मिराज ने नाबाद 51 रन की अटूट साझेदारी करके सीरीज में ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी।


