पेरिस: जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। फ्रेंच ओपन 2026 के पुरुष सिंगल्स फाइनल में दूसरी सीड ज्वेरेव का सामना इटली के फ्लेवियो कोबोली से हुआ। 5 सेट तक चले मुकाबले में 29 साल के ज्वेरेव ने 6-1, 4-6, 6-4, 6-7, 6-1 से अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला 4 घंटे और 16 मिनट तक चला। 24 साल के कोबोली का यह पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल था।
अलेक्जेंडर ज्वेरेव फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले ओपन एरा के पहले जर्मन खिलाड़ी हैं। 90 साल पहले आखिरी बार रोलैंड गैरोस का चैंपियन कोई जर्मन पुरुष खिलाड़ी बना था। तब गॉटफ्राइड वॉन क्रैम ने 1936 में खिताब जीता था।
अलेक्जेंडर ज्वेरेव से पहले बोरिस बेकर ग्रैंड स्लैम सिंगल्स का खिताब जीतने वाले आखिरी जर्मन खिलाड़ी थे। उन्होंने 1996 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था। ज्वेरेव के करियर का यह चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल था। इससे पहले 2020 यूएस ओपन, 2024 फ्रेंच ओपन और 2025 ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताबी मुकाबला वह हार चुके थे। ज्वेरेव के नाम ओलंपिक में गोल्ड मेडल था लेकिन अभी तक वह ग्रैंड स्लैम नहीं जीत पाए थे।


